- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Scotland will host Pakistan for 2 T20I match series in June 2018
अगले साल स्कॉटलैंड का दौरा करेगा पाकिस्तान
पाकिस्तान टीम जून 2018 में स्कॉटलैंड के खिलाफ दो टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी।
Published On Sep 12, 2017, 09:34 AM IST
Last UpdatedSep 12, 2017, 09:34 AM IST

पाकिस्तान क्रिकेट टीम अगले साल स्कॉटलैंड का दौरा करेगी। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अगले साल जून में एडिनबर्ग में दो टी20 मैचों की सीरीज खेलने के लिए राजी है। स्कॉटलैंड पहली बार किसी टेस्ट खेलने वाले देश की मेजबानी करेगा। सीरीज का पहला टी20 मैच 12 जून को और दूसरा मैच 13 जून को द ग्रेंज में खेला जाएगा। इस सीरीज को लेकर स्कॉटलैंड के कप्तान काइल कोएत्ज़र काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान जैसे प्रतिभाशाली टीम के खिलाफ घर पर दो टी20 मैच खेलना खिलाड़ियों और हमारे समर्थकों के लिए शानदार खबर है।”
पाकिस्तान से पहले स्कॉटलैंड टीम एक वनडे मैच के लिए इंग्लैंड की मेजबानी करेगी। कोएत्ज़र का मानना है कि इससे क्रिकेट का रोमांच और बढ़ जाएगा। उन्होंने आगे कहा, “ये मैच उसी हफ्ते में होंगे जब हम एक वनडे मैच के लिए इंग्लैंड की मेजबानी करने वाले हैं, ऐसे में हमे ये दिखाने का मौका मिलेगा कि एक टीम के तौर पर हम दोनों फॉर्मेट में कहां तक पहुंचे हैं। इसका मतलब ये भी है कि श्रीलंका और जिम्बाब्वे को हराने के बाद हमारे पास और बड़ी टीमों के साथ खेलने का मौका है।” [ये भी पढ़ें: हमारी सुरक्षा व्यवस्था राष्ट्रपति जैसी थी: फाफ डु प्लेसी]
स्कॉटलैंड टीम के लिए ये सीरीज 2019 विश्व कप में जगह बनाने का मौका है। कप्तान ने आगे कहा, “हम अपनी टीम को विश्व की बेहतरीन टीमों के खिलाफ परखना चाहते हैं। पाकिस्तान और इंग्लैंड विश्व क्रिकेट की दो टॉप टीमें हैं जो स्कॉटलैंड दौरे पर आ रही हैं। साथ ही 2019 विश्व कप क्वालिफायर के अगले साल होने से ये सीरीज स्कॉटलैंड क्रिकेट और उससे जुड़े लोगों के लिए और अहम हो जाती है।” बता दें कि इससे पहले पाकिस्तान ने स्कॉटलैंड के खिलाफ केवल एक टी20 मैच खेला है। 2007 टी20 विश्व कप के दौरान खेले गए उस मैच में पाक टीम 51 रनों से जीत गई थी।