Ashes Series: ऑस्ट्रेलिया को लगा तगड़ा झटका, पहले टेस्ट से बाहर हुआ एक और तेज गेंदबाज
न्यू साउथ वेल्स और विक्टोरिया के बीच शेफील्ड शील्ड मैच के दौरान ऑस्ट्रेलिया के दो स्टार गेंदबाज जोश हेजलवुड और सीन एबॉट चोटिल हो गए, जिसके बाद दोनों को स्कैन के लिए भेजा गया.
Published On Nov 12, 2025, 03:16 PM IST
Last UpdatedNov 12, 2025, 03:16 PM IST
Josh Hazlewood
एशेज सीरीज के पहले टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए बुरी खबर आई है. सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर न्यू साउथ वेल्स और विक्टोरिया के बीच शेफील्ड शील्ड मैच के दौरान ऑस्ट्रेलिया के दो स्टार गेंदबाज जोश हेजलवुड और सीन एबॉट चोटिल हो गए. दोनों गेंदबाजों को स्कैन के लिए भेजा गया. सीन एबॉट पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं, वहीं जोश हेजलवुड को पर्थ में एशेज के पहले मैच की तैयारी फिर से शुरू करने की अनुमति दे दी गई है. ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का पहला टेस्ट मैच 21 नवंबर से खेला जाएगा.
सीन एबॉट मध्यम स्तर की हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण मैदान से बाहर हो गए हैं.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की एक मीडिया विज्ञप्ति में कहा गया है कि जोश हेजलवुड पर्थ एशेज टेस्ट में योजना के अनुसार ऑस्ट्रेलियाई टीम से जुड़ेंगे. हेज़लवुड बुधवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में विक्टोरिया की पारी के दौरान अपने दाहिने हैमस्ट्रिंग में जकड़न की शिकायत के बाद मैदान से बाहर चले गए. उन्होंने एहतियातन स्कैन करवाया, जिससे उनकी मांसपेशियों में खिंचाव की पुष्टि हुई है, पर्थ में पहले टेस्ट से पहले वह योजना के अनुसार अभ्यास करेंगे.
वहीं सीन एबॉट भी बाएं हैमस्ट्रिंग में दर्द की शिकायत के बाद मैदान से बाहर चले गए, स्कैन से मध्यम स्तर की हैमस्ट्रिंग की चोट की पुष्टि हुई. वह पर्थ में होने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे और आने वाले हफ्तों में उनकी वापसी की योजना बनाई जाएगी.
ब्रेंडन डॉगेट का हो सकता है डेब्यू
ऑस्ट्रेलिया के पास तेज गेंदबाजी के विकल्प चिंताजनक रूप से कम हैं, क्योंकि लांस मॉरिस, झाई रिचर्डसन और स्पेंसर जॉनसन सभी इस समय बाहर हैं. हालांकि एबॉट का पर्थ में शुरुआती मैच में खेलना लगभग नामुमकिन है, लेकिन किसी भी अन्य चोट के कारण ब्रेंडन डॉगेट के लिए डेब्यू का रास्ता खुल सकता है। 31 साल के डॉगेट ने हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरने के बाद से इस सीज़न में 14.69 की औसत से 13 शेफ़ील्ड शील्ड विकेट लेकर प्रभावित किया है
इस बीच पैट कमिंस ने शील्ड मैच से इतर सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में अपना रिहैबिलिटेशन जारी रखा और 28 दिसंबर से गाबा में शुरू होने वाले दूसरे एशेज़ टेस्ट के लिए पूरी तरह से फिट होने की कोशिश कर रहे हैं.