- क्रिकेट न्यूज़
- News
- sending suryakumar yadav at number 7 was not a wise decision says ajay jadeja
IND vs AUS: 'इतना इंतजार करवाओगे तो...', SKY के बैटिंग ऑर्डर पर पूर्व क्रिकेटर की सीधी बात
यादव को बल्लेबाजी क्रम में नंबर सात पर भेजा गया. इस पूर्व भारतीय क्रिकेटर का मानना है कि टीम मैनेजमेंट ने यादव को बहुत नीचे बल्लेबाजी करने भेजा. उनका मानना था कि इससे बल्लेबाज की सोच पर असर पड़ता है.
Published On Mar 23, 2023, 03:51 PM IST
Last UpdatedMar 23, 2023, 03:51 PM IST
Ajay Jadeja on Suryakumar Yadav
नई दिल्ली: सूर्यकुमार यादव के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज बहुत खराब रही. तीनों मैचों में वह खाता नहीं खोल पाए. और तो और हर बार वह पहली ही गेंद पर आउट हो गए. दो बार मिशेल स्टार्क की अंदर आती गेंद उनके पैड से लगी और वह LBW हो गए और एक बार एश्टन एल्गर की गेंद पर वह बोल्ड हो गए.
‘टी20 में कोई सानी नहीं’
इस बात में कोई शक नहीं कि टी20 क्रिकेट में सूर्यकुमार यादव का कोई सानी नहीं है. वह दुनिया के चोटी के बल्लेबाज हैं. लेकिन वनडे क्रिकेट का तिलिस्म वह तोड़ नहीं पा रहे हैं. तीन मैचों में लगातार पहली गेंद पर आउट होने के बाद वह सवालों के घेरे में है. और साथ ही सवाल इस बात पर भी उठ रहे हैं कि आखिर टीम प्रबंधन लगातार उन पर भरोसा क्यों जता रहा है.
टीम प्रबंधन पर निशाना
भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज अजय जड़ेजा हालांकि यादव के समर्थन में हैं. उनके निशाने पर टीम प्रबंधन है जो उन्हें निचले क्रम पर बल्लेबाजी करने भेज रहा है. जडेजा यादव के बल्लेबाजी क्रम को लेकर नाखुश दिखे. उन्होंने कहा कि यादव को नंबर सात पर बैटिंग करने भेजने का फैसला सही नहीं था. भारतीय टीम प्रबंधन ने इस खिलाड़ी को बुधवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम पर खेले गए मैच में काफी नीचे बैटिंग करने भेजा. जडेजा इससे असहमत दिखे.
कहां करें बैटिंग
जडेजा ने क्रिकबज के साथ बातचीत में कहा- ‘आपने उन्हें मौका दिया. कुछ लोगों का मानना था कि उन्हें नहीं खेलना चाहिए था. लेकिन आपने उन्हें चुना. लेकिन आपको इसके साथ ही एक दुविधा भी थी, यह बात भी सच है. यह आपके फैसले से नजर आ रहा है. आपने सोचा, ‘वह फॉर्म में नहीं हैं, तो हम उसे इस वक्त बल्लेबाजी के लिए नहीं भेज सकते क्योंकि वह स्विंग के खिलाफ असफल हो रहे हैं.’ जब वह आखिर में बल्लेबाजी करने आए तो खेल और ज्यादा मुश्किल हो चुका था.’
कभी-कभी इंतजार इतना अच्छा नहीं
उन्होंने आगे कहा, ‘जब आपका वक्त अच्छा होता है, तो कोई फर्क नहीं पड़ता अगर आप बल्लेबाज को इंतजार करवाएं. लेकिन अगर उसका फॉर्म अच्छा नहीं है और आप उसे बैटिंग के लिए इंतजार करवाते हैं तो उसका दिमाग अलग-अलग दिशाओं में भागता है. आखिर वह भी एक इनसान हैं.’
सिर्फ सोच की बात
उन्होंने कहा, ‘यह वही सूर्यकुमार यादव हैं जो मैदान के हर ओर 360 डिग्री रन बनाते हैं. ऐसा नहीं है कि वह खेलना नहीं जानते. यह सिर्फ उनकी सोच की बात है. जब विराट कोहली जैसा कोई खिलाड़ी महीनों फॉर्म से बाहर रहता है, इसका मतलब है कि दिमाग में कुछ ऐसा चल रहा है जो आपके खेल पर असर डाल रहा है. अगर आप बहुत ज्यादा सोच रहे हैं तो और आप उस खिलाड़ी को काफी इंतजार करवा रहे हैं, तो इससे दुविधा बढ़ेगी ही.’