ICC POTM Award: स्मृति मंधाना नहीं, इस खिलाड़ी को मिला आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड

साउथ अफ्रीका की कप्तान ने भारत के खिलाफ दो नवंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में भी शतक लगाया था, लेकिन अपनी टीम को चैंपियन नहीं बना सकी थीं.

Edited By : Akhilesh Tripathi |Nov 12, 2025, 09:07 PM IST

Published On Nov 12, 2025, 09:07 PM IST

Last UpdatedNov 12, 2025, 09:07 PM IST

ICC POTM Award

ICC POTM Award

ICC Players of the Month award: आईसीसी ने अक्टूबर 2025 के लिए पुरुष और महिला वर्ग के श्रेष्ठ खिलाड़ियों के नामों की घोषणा कर दी है. इस बार दोनों ही वर्ग के पुरस्कार साउथ अफ्रीकी खिलाड़ियों को मिला है. महिला वर्ग में साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने अक्टूबर महीने के श्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब जीता है, जबकि पुरुष वर्ग का पुरस्कार लेग स्पिनर सेनुरन मुथुसामी को दिया गया है. वोल्वार्ड्ट ने इस पुरस्कार के दौर में शामिल भारतीय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एश्ले गार्डनर को पछाड़ा.

लौरा वोल्वार्ड्ट का महिला विश्व कप 2025 में शानदार प्रदर्शन रहा. अपनी दमदार बल्लेबाजी के दम पर वह दक्षिण अफ्रीका को पहली बार वनडे विश्व कप के फाइनल में लेकर आईं थी. अक्टूबर महीने में वोल्वार्ड्ट ने कुल 8 मैचों में 1 शतक और 3 अर्धशतक लगाते हुए 470 रन बनाए थे. इस दौरान इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में खेली गई 169 रन की यादगार पारी भी शामिल है, इसी प्रदर्शन के दम पर वोल्वार्ड्ट को अक्टूबर महीने का श्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का पुरस्कार जीतने पर वोल्वार्ड्ट ने कहा, टूर्नामेंट जीतना आदर्श होता, लेकिन हमें अपनी जीत और अपने अटूट जज्बे पर गर्व है, साथ ही हमें पूरा विश्वास है कि आईसीसी विश्व कप खिताब हमारी पहुंच में है, मैं सभी के समर्थन की सराहना करती हूं और मैदान पर आपको गौरवान्वित करने के लिए हमेशा प्रयासरत रहूंगी.

वोल्वार्ड्ट ने भारत के खिलाफ 2 नवंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में भी शतक लगाया था, लेकिन अपनी टीम को चैंपियन नहीं बना सकी थीं.

सेनुरन मुथुसामी ने जीता मेंस वर्ग का खिताब

वहीं पुरुष वर्ग में दक्षिण अफ्रीका के लेग स्पिनर सेनुरन मुथुसामी ने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब जीता, इस दौर में शामिल पाकिस्तान के नोमान अली और अफगानिस्तान के राशिद खान को उन्होंने पछाड़ा, मुथुसामी ने अक्टूबर में पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए दो टेस्ट मैचों की सीरीज में 11 विकेट लेने के साथ ही 106 रन बनाए थे.

मुथुसामी ने कहा, आईसीसी की तरफ से अक्टूबर महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने जाने पर बहुत अच्छा लग रहा है, टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन के लिए पुरस्कार मिलना खुशी को और बढ़ाने वाला है, इस साल आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जीतने वाली टीम के लिए खेलना बहुत गर्व की बात है, मुझे पाकिस्तान में इतनी प्रतिस्पर्धी सीरीज का हिस्सा बनने का सौभाग्य मिला और मुझे गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देकर खुशी हो रही है, आने वाले वर्षों में टीम के लिए और उत्कृष्ट प्रदर्शन को लेकर उत्साहित हूं.

Editor's Pick