IND vs BAN: शेफाली वर्मा की आंधी में उड़ा बांग्लादेश, टीम इंडिया ने 5 विकेट से जीता मुकाबला

महिला टी20 विश्व कप 2026 के 23वें मैच में भारतीय महिला टीम ने बांग्लादेश को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखी है. भारत को अपना आखिरी लीग मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 28 जून को खेलना है.

Edited By : Bhaskar Tiwari |Jun 25, 2026, 10:51 PM IST

Published On Jun 25, 2026, 10:51 PM IST

Last UpdatedJun 25, 2026, 10:51 PM IST

भारत ने महिला टी20 विश्व कप के गुप ए मैच में बृहस्पतिवार को बांग्लादेश को पांच विकेट से शिकस्त दी. बांग्लादेश को आठ विकेट पर 136 रन पर रोकने के बाद भारत ने 16.5 ओवर में पांच विकेट पर 139 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की. इसी के साथ ‘विमेन इन ब्लू’ ने सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को कायम रखा है.

राधा यादव ने मचाया कहर

गुरुवार को एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम ने 8 विकेट खोकर 136 रन बनाए. बांग्लादेश ने महज 8 रन पर दिलारा अख्तर (4) का विकेट गंवा दिया था. इसके बाद शोभना मोस्तरी ने जुएरिया फिरदौस के साथ दूसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 51 रन की साझेदारी की.फिरदौस 31 गेंदों में 5 चौकों के साथ 33 रन बनाकर पवेलियन लौटीं.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

जिसके बाद कप्तान निगार सुल्ताना ने मोर्चा संभाला. उन्होंने शोभना (22) के साथ तीसरे विकेट के लिए 20 रन, जबकि शर्मिन अख्तर (10) के साथ चौथे विकेट के लिए 27 रन की साझेदारी करते हुए बांग्लादेश को शतक के पार पहुंचा दिया. निगार 27 गेंदों में 4 चौकों के साथ 32 रन बनाकर आउट हुईं.भारत की तरफ से राधा यादव ने 28 रन देकर 3 विकेट निकाले. जबकि श्री चरणी ने 2 विकेट हासिल किए. रेणुका ठाकुर और नंदिनी शर्मा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.

शेफाली वर्मा ने जड़ा तूफानी अर्धशतक

इसके जवाब में भारतीय टीम ने 16.5 ओवरों में जीत हासिल कर ली. स्मृति मंधाना ने शेफाली वर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 18 गेंदों में 31 रन की साझेदारी की. मंधाना 8 रन का योगदान देकर पवेलियन लौटीं.इसके बाद शेफाली वर्मा ने यास्तिका भाटिया के साथ दूसरे विकेट के लिए 34 गेंदों में 45 रन जोड़कर जीत की बुनियाद रख दी. शेफाली 34 गेंदों में 1 छक्के और 8 चौकों के साथ 53 रन बनाकर आउट हुईं. इसके बाद तेजी से विकेट गिरे और टीम ने 98 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा दिए.

यहां से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने जेमिमा रोड्रिगेज के साथ पांचवें विकेट के लिए 30 रन जोड़कर भारत को जीत की दहलीज तक पहुंचाया. रोड्रिगेज 15 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुईं. जिसके बाद कप्तान कौर (नाबाद 13) ने दीप्ति शर्मा (नाबाद 5) के साथ मिलकर टीम को आसान जीत दिलाई. विपक्षी खेमे से रितु मोनी ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए. मारुफा अख्तर, राबिया खान और नाहिदा अख्तर ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.

Editor's Pick