×

'कोई भी दूसरी जर्सी आप पर अजीब लगेगी'... शाहरुख खान ने आंद्रे रसेल का नए रोल में किया स्वागत

केकेआर ने आंद्रे रसेल को पावर कोच के रूप में नियुक्त किया है. आंद्रे रसेल के आईपीएल करियर का अधिकांश समय केकेआर के लिए खेलते हुए बीता है

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - November 30, 2025 8:02 PM IST

वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने आईपीएल से संन्यास ले लिया है. आईपीएल 2026 के लिए केकेआर ने उन्हें रिटेन नहीं किया था, इसके बाद रसेल ने नीलामी में जाने से बेहतर लीग से संन्यास लेना समझा. संन्यास के साथ ही रसेल को केकेआर में दूसरी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है. टीम के सह-मालिक शाहरुख खान ने रसेल की टीम में दूसरी भूमिका में स्वागत करते हुए बेहद भावनात्मक पोस्ट लिखा है।

शाहरुख ने एक्स पर लिखा, “शानदार यादों के लिए धन्यवाद, आंद्रे, हमारे शानदार योद्धा, केकेआर में आपका योगदान यादगार है, एक खिलाड़ी के तौर पर आपकी शानदार यात्रा का एक और चैप्टर, पावर कोच, हमारे बैंगनी और सुनहरे रंग के लड़कों को ज्ञान, ताकत देते हुए, हां, कोई भी दूसरी जर्सी आप पर अजीब लगेगी, मेरे दोस्त, जिंदगी भर के लिए मसल रसेल. लव यू, टीम और खेल से प्यार करने वाले सभी लोगों की तरफ से.

केकेआर ने आंद्रे रसेल को पावर कोच के रूप में नियुक्त किया है. आंद्रे रसेल के आईपीएल करियर का अधिकांश समय केकेआर के लिए खेलते हुए बीता है. रसेल ने 2012 में आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए पदार्पण किया था। वह 2013 तक इस टीम के साथ रहे, इसके बाद 2014 से 2025 तक लगातार वह केकेआर का हिस्सा रहे, इस दौरान केकेआर ने 2014 और 2024 में खिताब जीता.

आईपीएल में आंद्रे रसेल का है शानदार रिकॉर्ड

2014 से 2025 के बीच रसेल ने केकेआर के लिए 133 मैच खेले, इस दौरान 12 अर्धशतक लगाते हुए उन्होंने कुल 2,593 रन बनाए और 122 विकेट लिए, रसेल अपनी पावर हिटिंग के लिए मशहूर रहे, लेकिन बतौर गेंदबाज भी उनके आंकड़े शानदार हैं. रसेल के ओवरऑल आईपीएल करियर पर नजर डालें तो 140 मैचों में 174.18 की स्ट्राइक रेट से उन्होंने 2,651 रन बनाए हैं, उनके नाम 123 विकेट हैं.

आंद्रे रसेल ने इंस्टाग्राम पर किया था ऐलान

रविवार को आंद्रे रसेल ने आईपीएल से संन्यास का ऐलान किया था. रसेल ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर लिखा, IPL से अपने जूते उतार रहा हूं… लेकिन स्वैगर नही. IPL में यह कैसा सफ़र रहा है. 12 सीज़न की यादें, और KKR परिवार से ढेर सारा प्यार. उन्होंने यह भी बताया कि वह 2026 सीज़न के लिए पावर कोच के तौर पर KKR सेटअप का हिस्सा बने रहेंगे. उन्होंने आगे कहा, और सबसे अच्छी बात ? मैं घर नहीं छोड़ रहा हूं… आप मुझे एक नए रोल में, KKR के सपोर्ट स्टाफ़ में, 2026 के पावर कोच के तौर पर देखेंगे.

TRENDING NOW

इनपुट- आईएएनएस