×

'आप हमेशा सही...', शाहिद अफरीदी ने फिर साधा गौतम गंभीर पर निशाना, रोहित-विराट पर क्या कहा

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने विराट कोहली और रोहित शर्मा का नाम लेकर गौतम गंभीर पर निशाना साधा है. अफरीदी ने गंभीर के बारे में कहा कि वह सोचते हैं कि हमेशा सही हैं पर...

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 9, 2025 11:45 AM IST

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी और भारतीय क्रिकेट टीम के मौजूदा मुख्य कोच गौतम गंभीर के रिश्ते हमेशा तल्ख रहे हैं. और ये दोनों हमेशा एक-दूसरे पर निशाना साधते रहते हैं. जब ये दोनों मैदान पर होते थे तो अकसर आमने-सामने आते रहते थे. और रिटायरमेंट के बाद भी एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी कर चुके हैं. अब शाहिद अफरीदी ने एक बार फिर गौतम गंभीर पर निशाना साधा है. टेलिकॉम एशिया स्पोर्ट्स की एक रिपोर्ट में अफरीदी ने विराट कोहली और रोहित शर्मा का नाम लेते हुए गंभीर की आलोचना की है.

इस रिपोर्ट में अफरीदी ने विराट और रोहित की तारीफ करते हुए उन बातों को दरकिनार किया जिनमें इन दोनों की भारत की वनडे इंटरनेशनल टीम में जगह पर सवाल उठ रहे थे. अफरीदी ने कहा कि ये दोनों भारतीय टीम की रीढ़ की हड्डी है और उन्हें 2027 के वनडे वर्ल्ड कप में खेलना ही चाहिए. सोमवार को एक रिपोर्ट में कहा, ‘यह सच बात है कि विराट और रोहित भारतीय बल्लेबाजी क्रम की रीढ़ की हड्डी है, और जिस तरह से वे हालिया वनडे सीरीज में खेले हैं, यह विश्वास के साथ कहा जाता है कि वे 2027 के वनडे वर्ल्ड कप में खेल सकते हैं.’

अफरीदी ने कहा कि इन दोनों को सभी बड़ी सीरीज में खेलना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘आपको इन दोनों सितारों को बचाकर रखना चाहिए. और जब भारत कमजोर टीमों के खिलाफ खेल रहा हो तो नए खिलाड़ियों को मौका दिया जा सकता है और विराट और रोहित को आराम देना चाहिए.’

अफरीदी ने भारतीय कोच गंभीर पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘जिस तरह गौतम गंभीर ने अपना कार्यकाल शुरू किया है ऐसा लगता है कि वह सोचते हैं, जो वह करते हैं, वह हमेशा सही होता है. लेकिन कुछ वक्त बाद यह पता चलता है कि आप हमेशा सही नहीं होते.

अपना रिकॉर्ड टूटने पर क्या बोले
रोहित शर्मा ने हाल ही में वनडे इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के मारने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है. उन्होंने अफरीदी का रिकॉर्ड तोड़ा. इस पर शाहिद अफरीदी ने कहा, ‘रिकॉर्ड टूटने के लिए ही बनते हैं. और यह रिकॉर्ड भी अब टूट गया. मैं खुश हूं कि एक खिलाड़ी जिसे मैं हमेशा पसंद करता हूं उसने मेरा रिकॉर्ड तोड़ा.’

उन्होंने आगे कहा, ‘वनडे में सबसे तेज सेंचुरी का मेरा रिकॉर्ड 18 साल तक कायम रहा. लेकिन आखिरकार यह टूट गया. तो एक खिलाड़ी रिकॉर्ड बनाता है और दूसरा खिलाड़ी उसे तोड़ता है.’

रोहित ने अफरीदी के 351 छक्के का रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में खेली गई वनडे सीरीज के दौरान तोड़ा. रायपुर में रोहित ने यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. अफरीदी ने 398 मैचों में इतने छक्के लगाए थे. वहीं रोहित ने 279 मैचों में अब 355 छक्के लगा दिए हैं.

TRENDING NOW

अफरीदी आईपीएल के पहले सीजन में खेले थे. तब वह और रोहित डेक्कन चार्जर्स टीम का हिस्सा थे. उसे याद करते हुए अफरीदी ने कहा,’चार्जर्स के साथ जब मैं खेल रहा तो मैों उसे बल्लेबाजी करते हुए देखा था. तब उसके खेल ने मुझे प्रभावित किया था. मुझे पता था कि एक दिन रोहित भारत के लिए खेलेगा और उन्होंने खुद को बेहतरीन बल्लेबाजी के तौर पर साबित किया है.’