- क्रिकेट न्यूज़
- News
- shahid afridi tells who will win match between india and pakistan
IND vs PAK- कौन जीतेगा मैच? शाहिद अफरीदी से ऐसे जवाब की उम्मीद नहीं थी!
शाहिद अफरीदी अकसर अपनी बात खुलकर कहते हैं लेकिन इस बार उन्होंने कूटनीति का रास्ता अपनाया। और यह थोड़ा हैरान करने वाला है।
Published On Aug 24, 2022, 09:40 AM IST
Last UpdatedAug 24, 2022, 09:40 AM IST
shahid afridi
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप में होने वाले मुकाबले का इंतजार क्रिकेट फैंस को बेसब्री से है। बीते साल वर्ल्ड कप के बाद पहली बार दोनों टीमें एक-दूसरे के आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम को पहली बार वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। बाबर आजम की कप्तानी वाली टीम ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत को 10 विकेट से हराया था। दोनों एशियाई टीमें एक बार फिर अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार हैं।
भारत और पाकिस्तान का मुकाबला 28 अगस्त को दुबई में खेला जाएगा। इस बीच पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने टि्वटर पर सवाल-जवाब के सेशन में बताया कि उनकी नजर में कौन सी टीम इस मुकाबले को जीत सकती है। हालांकि ऐसा माना जा रहा था कि अफरीदी पाकिस्तानी टीम को संभावित विजेता के रूप में चुनेंगे लेकिन उन्होंने काफी नपा-तुला कूटनीतिक जवाब दिया। अफरीदी ने कहा कि जो टीम कम गलतियां करेगी वही टीम मुकाबला जीतेगी।
अफरीदी अकसर खुलकर अपनी बात कहने के लिए जाने जाते हैं इसलिए उनका यह जवाब काफी हैरान करने वाला भी था। दोनों टीमों को मुकाबले से पहले ही काफी झटके लग चुके हैं। पाकिस्तानी टीम के शाहीन शाह अफरीदी चोट के चलते बाहर हो चुके हैं वहीं भारतीय टीम के स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह भी इस टूर्नमेंट में नहीं खेल पाएंगे। हर्षल पटेल भी एशिया कप का हिस्सा नहीं होंगे।
Depends on who makes the least mistakes.
— Shahid Afridi (@SAfridiOfficial) August 21, 2022
यूं तो भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज नहीं होती हैं। लेकिन आईसीसी और अंतरराष्ट्रीय टूर्नमेंट में दोनों खेलती हैं। साल 2022 में दोनों टीमों के बीच पांच मुकाबले भी हो सकते हैं। एशिया कप में ग्रुप मुकाबलों के बाद सुपर 4 में दोनों टीमें आपस में भिड़ सकती हैं। इसके बाद फाइनल, जो 11 सितंबर को होगा में भी दोनों टीमों के पहुंचने की बहुत उम्मीद है। एशिया कप के बाद दोनों के बीच 23 अक्टूबर को टी20 वर्ल्ड कप का मुकाबला होगा। और अगर दांव बैठा तो फिर दोनों टीमें फाइनल में भी पहुंच सकती हैं।