ICC WCQ 2023: होप- पूरन के तूफानी शतक में उड़ा नेपाल, वेस्टइंडीज ने 101 रन से जीता मैच
शाईं होप ने 132 और निकोलस पूरन ने 115 रन की पारी खेली. वेस्टइंडीज दूसरी जीत के साथ ग्रुप ए में टॉप पर पहुंची
Published On Jun 22, 2023, 09:21 PM IST
Last UpdatedJun 22, 2023, 09:21 PM IST
Shai Hope Nicholas Pooran (Photo credit-ICC)
कप्तान शाई होप और विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन के ताबड़तोड़ शतक से वेस्टइंडीज ने आईसीसी वर्ल्ड कप क्वालिफायर मैच में बड़ी जीत दर्ज की है. गुरुवार को खेले गए मैच में वेस्टइंडीज ने नेपाल को 101 रन से हरा दिया. वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सात विकेट पर 339 रन बनाए थे, नेपाल की टीम 49.4 ओवर में 238 रन पर ढेर हो गई. नेपाल की यह दूसरी हार है. वेस्टइंडीज की टीम इस जीत के साथ ग्रुप ए के प्वाइंट्स टेबल में चार अंक के साथ टॉप पर पहुंच गई है. जिम्बाब्वे की टीम के भी चार अंक है, मगर वह नेट रन रेट के मामले में वेस्टइंडीज से थोड़ा पीछे है.
चौथे विकेट के लिए वेस्टइंडीज के लिए दूसरी सबसे बड़ी पार्टनरशिप
इससे पहले नेपाल की टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया. ओपनर काइले मेयर्स (01 रन) बनाकर दूसरे ही ओवर में आउट हुए, वहीं जॉनसन चार्ल्स खाता भी नहीं खोल सके. ब्रैंडन किंग 32 रन की पारी खेलकर आउट हो गए. 55 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज ने तीन विकेट गंवा बैठे थे, इसके बाद शाई होप और निकोलस पूरन ने मोर्चा संभाला और चौथे विकेट के लिए वेस्टइंडीज के लिए दूसरी सबसे बड़ी पार्टनरशिप की. दोनों बल्लेबाजों के बीच 216 रन की साझेदारी हुई. वेस्टइंडीज के लिए चौथे विकेट के लिए 226 रन की सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड है, जो कार्ल हूपर और शिवनारायण चंद्रपाल के नाम है.
शाई होप ने बाबर आजम को पीछे छोड़ा
शाई होप ने वनडे करियर का 15वां शतक जड़ा. उन्होंने 2019 वनडे वर्ल्ड कप से अब तक नौ वनडे शतक लगाए हैं, ऐसा करने वाले वह पहले बल्लेबाज हैं. शाई होप ने बाबर आजम (08 शतक) को पीछे छोड़ा. निकोलस पूरन ने भी वनडे करियर का दूसरा शतक जड़ा और 115 रन (94 गेंद) की पारी खेलकर आउट हुए, शाई होप ने 132 रन की पारी खेली. रोवमेन पावेल ने 14 गेंद में 29 रन का योगदान दिया, वहीं जेसन होल्डर ने 10 गेंद में 16 रन की नाबाद पारी खेली. कीमो पॉल (01 रन) फ्लॉप रहे. नेपाल के लिए ललित राजवंशी ने तीन विकेट लिए.
340 रन के लक्ष्य के जवाब में नेपाल के बल्लेबाज वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाजों के आगे असहाय नजर आए. नेपाल के लिए आरिफ शेख (63 रन) और गुलसन झा (42 रन) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका और नेपाल की पूरी टीम 49.4 ओवर में 238 रन पर ऑल आउट हो गई. जेसन होल्डर ने तीन विकेट लिए. अल्जारी जोसेफ, कीमो पॉल और अकिल हुसैन को दो-दो सफलता मिली.