×

शान मसूद ने तोड़ा इंजमाम-उल-हक का 33 साल पुराना रिकॉर्ड, सहवाग भी पीछे छूटे

पाकिस्तान के टेस्ट टीम के कप्तान शान मसूद ने इंजमाम उल हक का 33 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है. इसके साथ ही उन्होंने वीरेंद्र सहवाग का कीर्तिमान भी तोड़ दिया है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 30, 2025 11:24 AM IST

पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान शान मसूद ने सोमवार को एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. उन्होंने पाकिस्तान की ट्रॉफी ग्रेड-I 2025/26 में उन्होंने दोहरा शतक लगाया. इस पारी ने न सिर्फ राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा बल्कि पाकिस्तानी धरती पर बने वीरेंद्र सहवाग के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया.

सुई नार्दन गैस पाइपलाइंस लिमिटेड के लिए खेलते हुए मसूद ने साहिर असोसिएट्स के खिलाफ 177 गेंद पर दोहरा शतक लगाया. कराची में खेले जा रहे चार दिवसीय इस मैच के पहले दिन उन्होंने कमाल की पारी खेली.

SNGL की टीम को पहले बल्लेबाजी का न्योता मिला. टीम के ओपनर अजान अवैस ने 53 रन की पारी खेली. और इसके बाद मसूद ने जिम्मा संभाला. उन्होंने दूसरे विकेट के लिए अली जारयाब (192) के साथ मिलकर 390 रन की साझेदारी की. जारयाब सिर्फ 8 रन से अपने दोहरे शतक से चूके. उन्होंने अपनी पारी में 237 गेंद का सामना किया. लेकिन मसूद अपनी पारी को आगे बढ़ाते रहे. जब पहले दिन का खेल समाप्त हुए तो वह 185 गेंद पर नाबाद 212 रन बनाकर खेल रहे थे. उनका स्ट्राइक-रेट 114.59 का था. वहीं उनकी टीम का स्कोर 82.1 ओवर में 2 विकेट पर 460 रन बना लिए थे

इस पारी से मसूद ने वीरेंद्र सहवाग का 19 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ा. यह पाकिस्तान की धरती पर फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक है. सहवाग ने साल 2006 के पाकिस्तान दौरे पर लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम पर 182 गेंद पर दोहरा शतक लगाया था. सहवाग ने उस पारी में 254 रन बनाए थे.

मसूद ने किसी पाकिस्तानी बल्लेबाज द्वारा फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. पूर्व पाकिस्तानी कप्तान इंजमाम-उल-हक ने 1992 में 188 गेंद पर दोहरा शतक बनाया था. इंजमाम ने पाकिस्तानी के लिए खेलते हुए ऑक्सफर्ड ऐंड कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटीज के खिलाफ सेंचुरी लगाई थी.

यह इस साल मसूद के बल्ले से निकला दूसरा दोहरा शतक है. दो महीने पहले उन्होंने कराची ब्लूज के लिए खेलते हुए एबोटाबाद के खिलाफ 250 रन की पाीर खेली थी. बाएं हाथ का यह बल्लेबाज फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में पांच दोहरे शतक लगा चुका है.

TRENDING NOW

मसूद ने इस साल लिस्ट ए क्रिकेट में बहुत अच्छी बल्लेबाजी की है. उन्होंने 25 पारियों में 1564 रन बनाए हैं. उनका औसत 71.1 का रहा है. इसमें टेस्ट क्रिकेट की बात करें तो 10 पारियों में उन्होंने 39.70 के औसत से 397 रन बनाए हैं. जिसमें एक सेंचुरी और पांच हाफ सेंचुरी शामिल हैं.