×

इंग्लैंड के खिलाफ आखिरकार फॉर्म में लौटे शान मसूद, 1524 दिन बाद जड़ा शतक

. बतौर टेस्ट कप्तान शान मसूद का यह पहला शतक है. यह दिसंबर 2022 में कराची में न्यूजीलैंड के खिलाफ बाबर आजम के 161 रनों के बाद से किसी पाकिस्तानी कप्तान का पहला शतक भी है

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - October 7, 2024 9:09 PM IST

मुल्तान. पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच मुल्तान में खेले जा रहे तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में शान मसूद का बल्ला चला. शान मसूद ने खेल के पहले दिन शतक जड़ा. टेस्ट क्रिकेट में शान मसूद का यह पांचवां शतक है, उनका यह शतक लगभग चार साल (1524 दिन) के बाद आया है. उन्होंने आखिरी शतक अगस्त 2020 में इंग्लैंड के खिलाफ ही जड़ा था.

शान मसूद ने आखिरी शतक अगस्त 2020 में इंग्लैंड के खिलाफ ही जड़ा था, उन्होंने मैनचेस्टर में 156 रन की पारी खेली थी. उन्होंने पांचवां शतक जड़ने के लिए चार साल का लंबा इंतजार किया. बतौर टेस्ट कप्तान शान मसूद का यह पहला शतक है. यह दिसंबर 2022 में कराची में न्यूजीलैंड के खिलाफ बाबर आजम के 161 रनों के बाद से किसी पाकिस्तानी कप्तान का पहला शतक भी है.

टेस्ट क्रिकेट में पूरे किए दो हजार रन

शान मसूद ने टेस्ट क्रिकेट में दो हजार रन भी पूरे कर लिए हैं. उन्होंने 36 मैच की 67 इनिंग में यह कारनामा किया है.

43 गेंद में अर्धशतक जड़कर बनाया रिकॉर्ड

पाकिस्तानी कप्तान शान मसूद ने 43 गेंद पर अर्धशतक जड़ा. शान मसूद पाकिस्तान टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में इकलौते ऐसे कप्तान बन गए हैं जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में 50 से कम गेंद खेलकर अर्धशतक बनाया है. 70 साल बाद किसी पाकिस्तानी कप्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ 50 से कम गेंद खेलकर अर्धशतक लगाया है.

शान मसूद साल 2015 के बाद से टेस्ट में सबसे तेज शतक लगाने वाले पाकिस्तानी बल्लेबाज बने हैं, उन्होंने बाबर आजम को पीछे छोड़ दिया है. शान मसूद ने 102 गेंद में शतक लगाया. बाबर आजम के नाम 118 गेंद में शतक लगाने का रिकॉर्ड था.

TRENDING NOW

खेल के पहले दिन पाकिस्तान का स्कोर- 328/4

पाकिस्तान की टीम ने खेल के पहले दिन शान मसूद (151 रन) और अब्दुल्ला शफीक (102) के शतक से चार विकेट पर 328 रन बनाए हैं. बाबर आजम (30 रन) और सैम अयूब (04 रन) बल्लेबाजों के अनुकूल वाली इस पिच पर बड़ी पारी नहीं खेल सके. पहले दिन का खेल खत्म होने तक शौद शकील 35 रन और नसीम शाह 00 रन बनाकर नाबाद हैं.