हर खिलाड़ी को रोटेशन पॉलिसी के तहत आराम मिला है: शिखर धवन
भारतीय बल्लेबाज शिखर धवन इंडियन टी20 लीग के 12वें सीजन में दिल्ली के लिए खेलेंगे।
Published On Mar 24, 2019, 12:23 PM IST
Last UpdatedMar 24, 2019, 12:23 PM IST
शिखर धवन, रिषभ पंत (IANS)
आईसीसी विश्व कप से पहले जहां हर कोई इंडियन टी20 लीग के दौरान भारतीय खिलाड़ियों के वर्कलोड को लेकर परेशान है, वहीं टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन को इसकी कोई चिंता नहीं है। धवन का कहना है कि बीसीसीआई की रोटेशन पॉलिसी के चलते सभी खिलाड़ियों को आराम दिया गया है।
मुंबई के खिलाफ दिल्ली के लीग मैच से पहले धवन ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत के दौरान कहा, “हर खिलाड़ी को रोटेशन पॉलिसी के तहत आराम मिला है। मुझे भी सालों बाद पांच हफ्ते का ब्रेक मिला था। जो कि एक अच्छी चीज है। हमें रूटीन के हिसाब से ब्रेक और खुद पर काम करने का मौका दिया गया। यहां तक कि विराट ने भी ब्रेक लिया। हमने सब कुछ अच्छे से संतुलित किया है।”
ये भी पढ़ें: रोहित शर्मा के सलामी बल्लेबाजी करते मुंबई को रोकना मुश्किल: सुनील गावस्कर
खराब फॉर्म से जूझ रहे धवन को इसे लेकर ज्यादा परेशान नहीं हैं और ना ही वो विश्व कप स्क्वाड में जगह को लेकर चिंतित हैं। अपने मस्तमौला अंदाज में उन्होंने कहा, “परेशानी किस बात की, ये तो रोज का काम है। मैं केवल ये निश्चित करता हूं कि जो कर रहा हूं उसे लेकर स्पष्ट रहूं और अपने बेसिक्स पर ध्यान दूं। ऐसा समय आया है जब रनों को लेकर मैंने संघर्ष किया। मैं शांत बना रहा और हल ढूंढने के बारे में सोचा और अपनी पूरी काबिलियत से उसे लागू किया। उसके बाद जो होना है हो जाएगा।”
ये भी पढ़ें: गौती भाई चाहते थे कि मैं लंबा खेलने वाला क्रिकेटर बनूं: कुलदीप यादव
12वें सीजन में दिल्ली के लिए खेलने को धवन काफी उत्साहित हैं। इंडियन टी20 लीग के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, “ये अपना टूर्नामेंट हैं और हर कोई अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करेगा। मुझे यकीन है जो भी यहां अच्छा करेगा विश्व कप में आत्मविश्वास के साथ जाएगा। विश्व कप के लिए निकलने से पहले लय में रहना अच्छा होता है।”