add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

शिखर धवन ने इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेट से संन्यास का किया ऐलान, शेयर किया इमोशनल पोस्ट

शनिवार की सुबह सोशल मीडिया पर इसका ऐलान किया. शिखर धवन लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - August 24, 2024 11:45 AM IST

नई दिल्ली. टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज और भारतीय क्रिकेट के गब्बर शिखर धवन ने इंटरनेशनल क्रिकेट और घरेलू क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. उन्होंने शनिवार की सुबह सोशल मीडिया पर इसका ऐलान किया. शिखर धवन लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे.

शिखर धवन ने ट्विटर पर अपने रिटायरमेंट की घोषणा करते हुए कहा, मैं अपने क्रिकेट के सफर के इस अध्याय को समाप्त कर रहा हूं, मैं अपने साथ अनगिनत यादें लेकर जा रहा हूं. प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद! जय हिंद.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

शिखर धवन ने शेयर किया इमोशनल पोस्ट

शिखर धवन ने रिटायरमेंट की घोषणा वीडियो पोस्ट के जरिए की. शिखर धवन ने कहा, आज ऐसे मोड़ पर खड़ा हूं, जहां से पीछे दिखने के बाद सिर्फ यादें नजर आती है और आगे देखने पर एक पूरी दुनिया. मेरी हमेशा से एक ही मंजिल थी, इंडिया के लिए खेलना और वह हुआ, जिसके लिए मैं कई लोगों का शुक्रगुजार हैं. जिसमें मेरा परिवार, मेरे बचपन के कोच और मेरी टीम, जिसके साथ मैं सालों क्रिकेट खेला. मुझे एक परिवार मिला, नाम मिला, आप सबका प्यार मिला.

उन्होंने आगे कहा कि कहते हैं कि कहानी में आगे बढ़ने के लिए पन्ने पलटना जरुरी है और मैं भी ऐसा करने जा रहा हूं. मैं इंटरनेशनल और डोमेस्टिक क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करता हूं. और मैं जब क्रिकेट जर्नी को अलविदा कह रहा हूं तो मेरे दिल में एक सुकून है कि मैं अपने देश के लिए बहुत खेला. मैं बहुत शुक्रगुजार हूं बीसीसीआई और डीडीसीए का, जिन्होंने मुझे मौका दिया और सारे फैंस का जिन्होंने मुझे इतना प्यार दिया. मैं खुद से यह बात कहता हूं कि तू इस बात से दुखी मत हो कि तू अपने देश के लिए फिर नहीं खेलेगा, तू इस बात की खुशी मना कि तूने देश के लिए खेला और मेरे लिए यह सबसे बड़ी बात है कि मैं खेला.

दिसंबर 2022 में खेला था आखिरी वनडे मैच

शिखर धवन लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे थे. उन्होंने भारत के लिए आखिरी मैच बांग्लादेश के खिलाफ दिसंबर 2022 में खेला था. शिखर धवन आईपीएल में पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं. धवन ने इंटरनेशनल क्रिकेट और घरेलू क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है, मगर वह आईपीएल में खेलते नजर आएंगे.

दिल्ली में जन्मे भारत के बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की यादगार शुरुआत नहीं की और दो गेंदों पर शून्य पर आउट हो गए थे. 2010 में डेब्यू करने वाले धवन ने शुरुआती संघर्षों के बाद 2013 में भारतीय टीम में वापसी की और इंग्लैंड में चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के विजयी अभियान में ‘प्लेयर-ऑफ-द-टूर्नामेंट’ बनने सहित कुछ बेहतरीन प्रदर्शन के साथ तीनों प्रारूपों की टीम में अपनी जगह पक्की कर ली. उनके शानदार करियर का एक मुख्य आकर्षण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट डेब्यू पर मोहाली में खेली गयी 185 रन की शानदार पारी थी, जिसमें उन्होंने केवल 85 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था.

शिखर धवन का इंटरनेशनल करियर

38 साल के शिखर धवन ने भारत के लिए 34 टेस्ट, 167 वनडे और 68 टी-20 मैच खेले. 34 टेस्ट में उन्होंने 40.61 की औसत और सात शतक के साथ 2315 रन बनाए. वहीं 167 वनडे मैच में उन्होंने 17 शतक जड़े. वनडे में शिखर धवन के नाम 44.11 की औसत से 6793 रन है. धवन ने भारत के लिए 68 टी-20 मैच में 11 अर्धशतक के साथ 1759 रन बनाए.

शिखर धवन ने 122 फर्स्ट क्लास मैच में 8499 रन, 302 लिस्ट ए मैच में 12074 रन और 334 टी-20 मैच में 9797 रन बनाए हैं.

आईपीएल में है शानदार रिकॉर्ड

शिखर धवन का आईपीएल में शानदार रिकॉर्ड है. वह आईपीएल में मुंबई इंडियंस, डेक्कन चार्जर्स, सनराइजर्स हैदराबाद, दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स का हिस्सा रह चुके हैं. आईपीएल के 222 मैच में शिखर धवन के नाम 6768 रन है. आईपीएल में धवन ने दो शतक और 51 अर्धशतक लगाए हैं. वह आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने के मामले मे विराट कोहली (8004 रन) के बाद दूसरे स्थान पर है.