×

तीन महीने बाद क्रिकेट के मैदान पर वापसी, जानें कैसा रहा श्रेयस अय्यर का प्रदर्शन ?

श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में फील्डिंग के दौरान कैच लेते वक्त बुरी तरह चोटिल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - January 6, 2026 2:20 PM IST

भारतीय टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर मंगलवार को तीन महीने बाद क्रिकेट के मैदान पर वापस लौटे. मुंबई टीम की कप्तानी करते हुए श्रेयस अय्यर के फॉर्म पर न्यूजीलैंड सीरीज से पहले सभी की नजरें थी और वापसी मैच में श्रेयस अय्यर ने धमाका कर दिया. श्रेयस अय्यर ने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मैच में अर्धशतक जड़ा.

श्रेयस अय्यर ने 53 बॉल में 82 रन की पारी खेली. इस पारी में उन्होंने 10 चौके और तीन छक्के लगाए. श्रेयस अय्यर बल्लेबाजी के दौरान पूरी तरह फिट नजर आए. उन्होंने मुशीर खान के साथ 82 रन की साझेदारी की. मुशीर खान ने 51 बॉल में 73 रन (08 चौके, 03 छक्के) की पारी खेली.

सूर्य कुमार यादव ने किया निराश

इस मैच में भारत के टी-20 टीम के कप्तान सूर्य कुमार यादव भी खेल रहे थे. सूर्या का बल्ला एक बार खामोश रहा और वह सिर्फ 24 रन (18 गेंद) की पारी खेलकर पवेलियन लौट गए. सरफराज खान ने 21 रन (10 गेंद) और यशस्वी जायसवाल ने 15 रन की पारी खेली. शिवम दुबे ने 20 रन का योगदान दिया.

न्यूजीलैंड सीरीज के लिए अय्यर का हुआ है चयन

श्रेयस अय्यर का चयन न्यूजीलैंड सीरीज के लिए किया गया है, मगर उनके खेलने से पहले उनके फिटनेस की परीक्षा होनी थी, जिसमें वह पूरी तरह खरे उतरे. श्रेयस अय्यर अब अगला मुकाबला आठ जनवरी को पंजाब के खिलाफ खेलेंगे, इसके बाद वह टीम के साथ जुड़ जाएंगे. भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज 11 जनवरी से खेली जानी है. सीरीज का पहला वनडे वडोदरा में खेला जाएगा.

TRENDING NOW

ऑस्ट्रेलिया सीरीज के दौरान हुए थे चोटिल

श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में फील्डिंग के दौरान कैच लेते वक्त बुरी तरह चोटिल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें सिडनी के अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वह चोट की वजह से लगभग तीन महीने क्रिकेट से दूर रहे और वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज भी नहीं खेल सके.