• Home
  • News
  • Shubman Gill Blames Poor Fielding and Batting Collapse for Defeat Against RCB in IPL 2026 Qualifier 1

IPL 2026: आरसीबी से शर्मनाक हार के बाद निराश हैं शुभमन गिल, किस-किसको ठहराया जिम्मेदार

गुजरात टाइटंस को आईपीएल 2026 के पहले क्वॉलिफायर में हार का सामना करना पड़ा. इस हार के बाद टीम को अब फाइनल में पहुंचने के लिए दूसरे क्वॉलिफायर में जीत हासिल करनी होगी.

Edited By : Bharat Malhotra |May 27, 2026, 11:25 AM IST

Published On May 27, 2026, 11:25 AM IST

Last UpdatedMay 27, 2026, 11:25 AM IST

शुभमन गिल ने किस पर फोड़ा हार का ठीकरा (IANS)

धर्मशाला: मंगलवार, 26 मई को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का पहला क्वॉलिफायर मैच खेला गया. इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 92 रन से हरा दिया. हिमाचल प्रदेश क्रिकेट असोसिएशन के धर्मशाला में खेले गए इस मैच में जीत के साथ ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम लगातार दूसरे सीजन में फाइनल में पहुंची है. बुरी तरह मिली इस शिकस्त के बाद गुजरात टाइटंस के कप्तान गिल ने माना कि उनकी टीम ने कई गलतियां कीं. गिल ने कहा कि फील्डिंग के साथ ही उनकी टीम ने दबाव में कई गलतियां कीं जो उन्हें भारी पड़ी.

हार के साथ ही सीधा आईपीएल 2026 के फाइनल में पहुंचने की गुजरात टाइटंस की उम्मीदें टूट गईं. गुजरात को अब क्वॉलिफायर-2 खेलना होगा. इस मैच में उसका सामना सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच बुधवार, 27 मई को होने वाले एलिमिनेटर के विजेता से होगा.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

बेंगलुरु ने की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी, क्या रहा मैच का हाल

बेंगलुरु की टीम को पहले बल्लेबाजी का न्योता मिला. कप्तान रजत पाटीदार के ताबड़तोड़ नाबाद 93 रन की पारी की मदद से RCB ने 5 विकेट पर 254 रन का स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में गुजरात की टीम सिर्फ 162 रन पर ऑल आउट हो गई. बीते साल की चैंपियन बेंगलुरु ने इस सीजन में भी अच्छा खेल दिखाया. टीम लीग स्टेज पर पॉइंट्स टेबल में चोटी पर रही थी.

गिल ने किसे बताया हार का जिम्मेदार

पहले क्वॉलिफायर के बाद गिल ने कहा, ‘मुझे लगता है कि हम 12वें या 13वें ओवर तक अच्छा खेल रहे थे. मुझे नहीं लगता कि हमारी फील्डिंग अच्छी थी. हमने कुछ कैच छोड़े और हमारी ग्राउंड फील्डिंग भी संतोषजनक नहीं थी.’

आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने इन छूटे हुए मौकों का गुजरात के खिलाफ जमकर फायदा उठाया और सिर्फ 39 गेंदों में नाबाद 93 रन बनाए. बीच के ओवरों में मिसफील्डिंग और नो-बॉल के जरिए भी गुजरात ने रन लुटाए, जिसके चलते आरसीबी ने आईपीएल प्लेऑफ इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया. इस स्कोर को हासिल करना गुजरात के लिए कभी आसान नहीं दिखा. टीम के 8 विकेट 88 रन पर गिर गए थे. राहुल तेवतिया की हाफ सेंचुरी ने गुजरात को कुछ सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में मदद की.

हार से जल्द उबरना चाहेगी गुजरात टाइटंस की टीम

हार पर बात करते हुए गिल ने इसे ऐसा मैच बताया, जिससे टीम जल्द से जल्द उबरना चाहेगी. उन्होंने कहा, ‘यह उन मैचों में से एक है, जिसे हम भूलकर मोहाली में नए सिरे से शुरुआत करना चाहेंगे.’

निराशाजनक परिणाम के बावजूद जीटी के कप्तान ने कहा कि टीम अभ्यास सत्र और टीम मीटिंग में नियमित रूप से फील्डिंग पर काम करती है. गिल ने आगे कहा, “टीम मीटिंग और प्रैक्टिस सेशन में हम इस पर चर्चा जरूर करते हैं. जोश तो था, लेकिन दबाव में हम उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके.’

बल्लेबाजी के लिए मददगार थी पिच

बल्लेबाजी के अनुकूल धर्मशाला की पिच पर 255 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए. गिल खुद भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर मात्र दो रन बनाकर आउट हो गए, जबकि जोस बटलर के तेज 29 रन शुरुआती संघर्ष में अकेले लड़ते दिखे. इसके बाद राहुल तेवतिया ने 43 गेंदों में 68 रन बनाकर अकेले संघर्ष किया.

अच्छी शुरुआत न मिलने पर भी गिल निराश

हालांकि, गिल का मानना था कि अगर गुजरात पावरप्ले में अच्छी शुरुआत कर पाती तो लक्ष्य हासिल किया जा सकता था. उन्होंने कहा, ‘अच्छी शुरुआत ही सब कुछ है. इस तरह के मैदान पर, जहां गेंद तेजी से जाती है और आउटफील्ड तेज है, अगर हमारा पावरप्ले अच्छा होता तो विकेट की स्थिति को देखते हुए कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता था.’

गुजरात के कप्तान ने साई सुदर्शन के दुर्भाग्यपूर्ण आउट होने पर भी अपनी राय दी. शॉट खेलते समय सुदर्शन का बल्ले पर नियंत्रण छूट गया और बल्ला स्टंप्स से टकराकर बेल्स गिरा गया. गिल ने कहा, ‘इस तरह का आउट होना अक्सर देखने को नहीं मिलता, इसलिए यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण था.’

गुजरात टाइटंसअब मोहाली में होने वाले अपने अगले नॉकआउट मुकाबले से पहले तेजी से खुद को संभालने की कोशिश करेगी, क्योंकि टीम आईपीएल 2026 के फाइनल में जगह बनाने की उम्मीदें बरकरार रखना चाहती है.

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick