×

शुभमन गिल हुए पूरी तरह फिट, साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी-20 मैच का होंगे हिस्सा

गिल कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन चोटिल हो गए थे और उन्हें दो दिन के लिए अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था और इंजेक्शन भी लगाना पड़ा था.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 6, 2025 3:01 PM IST

Shubman Gill fitness Update: भारत की टी20 टीम के उपकप्तान शुभमन गिल को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) की खेल विज्ञान टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में खेलने की मंजूरी दे दी है. गिल साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच के दौरान चोटिल हो गए थे, उनकी गर्दन में अकड़न आ गई थी लेकिन अब उन्होंने सफलतापूर्वक रिहैबिलिटेशन पूरा कर लिया है. पहला टी-20 मैच नौ दिसंबर को कटक में खेला जाएगा.

शुभमन गिल को फिटनेस के आधार पर टीम में चुना गया था और उन्हें खेल में वापसी (आरटीपी) के लिए रिहैबिलिटेशन से जुड़े सारे प्रोटोकॉल से गुजरना पड़ा. सीओई की ओर से टीम प्रबंधन की खेल विज्ञान एवं चिकित्सा (एसएसएम) टीम को भेजे गए पत्र में कहा गया है, शुभमन गिल ने सीओई में अपना रिहैबिलिटेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है, उन्होंने खेल के सभी प्रारूपों के लिए फिट घोषित होने के लिए आवश्यक मानदंडों को पूरा कर लिया है.

इस टीम में फिजियो कमलेश जैन, स्ट्रेंथ एवं कंडीशनिंग कोच एड्रियन ली रॉ और खेल चिकित्सक डॉ. चार्ल्स शामिल हैं. गिल कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन चोटिल हो गए थे और उन्हें दो दिन के लिए अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था और इंजेक्शन भी लगाना पड़ा था. वह मौजूदा वनडे सीरीज में नहीं खेल पाए थे, लेकिन अब टी20 सीरीज के लिए उनकी उपलब्धता को लेकर सभी संदेह दूर हो गए हैं. टी20 अंतरराष्ट्रीय में खेलने वाले अधिकतर खिलाड़ी रविवार से कटक में अभ्यास शुरू करेंगे.

साउथ अफ्रीका टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेट कीपर), संजू सैमसन (विकेट कीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वाशिंगटन सुंदर

TRENDING NOW

इनपुट- भाषा