IPL 2026: शुभमन गिल ने की श्रेयस अय्यर वाली गलती, लग गया भारी जुर्माना
श्रेयस अय्यर पर भी धीमी ओवर गति की वजह से लगातार 2 मैचों में जुर्माना लगाया जा चुका है. श्रेयस पर सीजन के पहले मैच में 12 लाख तो दूसरे मैच में 24 लाख का जुर्माना लगाया गया था
Published On Apr 09, 2026, 04:41 PM IST
Last UpdatedApr 09, 2026, 04:41 PM IST
Shubman Gill Fined
Shubman Gill fined: आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस की टीम ने रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को एक रन से हरा दिया. गुजरात टाइटंस की टीम की इस सीजन यह पहली जीत है. हालांकि गुजरात टाइटंस की जीत के बाद टीम के कप्तान शुभमन गिल पर भारी जुर्माना लगाया गया है.
शुभमन गिल पर धीमी ओवर गति की वजह से 12 लाख का जुर्माना लगाया गया है. बतौर कप्तान गिल की इस सीजन में यह पहली गलती है. शुभमन गिल से पहले पंजाब किंग्स के कप्तान पर भी जुर्माना लगाया गया था.
धीमी ओवर-रेट को लेकर लगाया गया जुर्माना
आईपीएल की तरफ से जारी बयान में कहा गया, गुजरात टाइटंस (जीटी) के कप्तान शुभमन गिल पर जुर्माना लगाया गया है क्योंकि उनकी टीम ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मैच नंबर 14 के दौरान धीमी ओवर-रेट बनाए रखी.
बयान में आगे कहा गया, यह आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत उनकी टीम का इस सीजन का पहला उल्लंघन था, जो न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है, इसलिए गिल पर 12 लाख का जुर्माना लगाया गया, अगर गलती दोहराई गई, तो गिल की सजा दोगुनी हो जाएगी, अगर वह तीसरी बार नियमों के खिलाफ जाते हैं, तो गिल पर एक मैच का बैन लग सकता है.
श्रेयस अय्यर पर दो मैचों में लगा है जुर्माना
इससे पहले पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर भी धीमी ओवर गति की वजह से लगातार 2 मैचों में जुर्माना लगाया जा चुका है. श्रेयस पर सीजन के पहले मैच में 12 लाख तो दूसरे मैच में 24 लाख का जुर्माना लगाया गया था. शुभमन गिल पर लगाया गया जुर्माना जीटी को सीजन में मिली पहली जीत के जश्न को शायद ही फीका करे। गुजरात ने बुधवार को दिल्ली को हाथ से निकल चुके मैच में 1 रन से हराकर बेहद अहम दो अंक प्राप्त किए।
गुजरात टाइटंस को मिली रोमांचक जीत
मैच की बात करें डीसी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था, पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने चार विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए थे. जीटी की तरफ से कप्तान शुभमन गिल ने सबसे बड़ी पारी खेली थी, गिल ने 45 गेंदों पर 5 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 70 रन की पारी खेली थी. इसके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने 27 गेंदों पर 5 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 52 और वाशिंगटन सुंदर ने 32 गेंदों पर 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 55 रन बनाए.