IND VS AFG: शुभमन गिल- ईशान किशन का धमाकेदार शतक, भारत का वनडे सीरीज पर कब्जा

शुभमन गिल और ईशान किशन ने तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 141 गेंद में 224 रन की तूफानी साझेदारी करके भारत के मजबूत स्कोर की नींव रखी.

Edited By : Akhilesh Tripathi |Jun 17, 2026, 09:50 PM IST

Published On Jun 17, 2026, 09:50 PM IST

Last UpdatedJun 17, 2026, 09:50 PM IST

India Win

India Win

 कप्तान शुभमन गिल और इशान किशन के शतक के बाद अर्शदीप सिंह की अगुआई में तेज गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने दूसरे वनडे मैच में बुधवार को यहां अफगानिस्तान को 170 रन से हराकर तीन मैच की सीरीज में 2-0 की विजयी बढ़त बना ली. शुभमन गिल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. सीरीज का तीसरा मैच 20 जून को खेला जाएगा.

भारत के 403 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करे हुए अफगानिस्तन की टीम अर्शदीप (45 रन पर तीन विकेट), गुरनूर बरार (60 रन पर तीन विकेट) और प्रिंस यादव (56 रन पर दो विकेट) की तेज गेंदबाजी तिकड़ी के सामने कभी लक्ष्य के करीब पहुंचने की स्थिति में भी नहीं दिखी और अंतत: 44.3 ओवर में 232 रन पर सिमट गई. अफगानिस्तान की ओर से रहमत शाह ने 89 गेंद में आठ चौकों से सर्वाधिक 79 रन बनाए जबकि सेदिकुल्लाह अटल (42) और रहमानुल्लाह गुरबाज (41) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने बेहद गर्मी और पैर में जकड़न के बावजूद 154 रन की शानदार पारी खेली जबकि इशान किशन ने एकदिवसीय शतक के तीन साल के इंतजार को खत्म करते हुए 125 रन बनाए जिससे भारत ने 402 रन का स्कोर खड़ा किया, टीम हालांकि 49.5 ओवर में सिमट गई.

गिल- किशन के बीच 224 रन की तूफानी साझेदारी

शुभमन गिल और किशन ने तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 141 गेंद में 224 रन की तूफानी साझेदारी करके भारत के मजबूत स्कोर की नींव रखी. गिल ने 110 गेंद की अपनी पारी में 22 चौके और दो छक्के मारे जबकि किशन ने 79 गेंद का सामना करते हुए 14 चौके और सात छक्के जड़े. अफगानिस्तान की ओर से नांगेयालिया खरोटे (76 रन पर चार विकेट) और राशिद खान (48 रन पर तीन विकेट) की स्पिन जोड़ी ने सात मिलकर सात विकेट चटकाकर मेहमान टीम को अंतिम ओवरों में वापसी दिलाने की कोशिश की.

गुरबाज ने दिलाई अफगानिस्तान को तेज शुरुआत

लक्ष्य का पीछा करने उतरे अफगानिस्तान को पिछले मैच के शतकवीर रहमानुल्लाह गुरबाज ने 33 गेंद में 41 रन की पारी खेलकर एक बार फिर तेज शुरुआत दिलाई. गुरबाज सातवें ओवर में भाग्यशाली रहे जब पदार्पण कर रहे तेज गेंदबाज प्रिंस यादव की गेंद को हवा में लहराकर अर्शदीप सिंह को कैच बैठे लेकिन यह नोबॉल हो गई. गुरबाज हालांकि जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके और अगले ओवर में गुरनूर बरार की गेंद पर विकेटकीपर लोकेश राहुल को कैच दे बैठे, उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का मारा.

कुलदीप यादव- वाशिंगटन सुंदर ने लगाया रन गति पर अंकुश

गुरबाज के आउट होने के बाद रन गति में गिरावट आई और दबाव के बीच सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान (21) अर्शदीप की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में प्रिंस के हाथों लपके गए. बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव और ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर ने बीच के ओवरों में रन गति में अंकुश लगाया. अफगानिस्तान के रनों का शतक 20वें ओवर में पूरा हुआ. सेदिकुल्लाह ने धीमी शुरुआत के बाद वाशिंगटन पर चौका और कुलदीप पर छक्का जड़ा। उन्होंने गुरनूर पर भी चौका मारा लेकिन फिर वाशिंगटन की सीधी गेंद को चूककर पगबाधा हो गए. कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी (04) भी गुरनूर की गेंद को विकेटों पर खेल बैठे.

गुरनूर- अर्शदीप ने गेंद से बरपाया कहर

रहमत शाह ने इसके बाद मोर्चा संभाला. उन्होंने गुरनूर और वाशिंगटन पर चौके जड़ने के अलावा प्रिंस पर भी लगातार दो चौके मारे. प्रिंस ने खरोटे (06) को बोल्ड करके अपना एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय विकेटों का खाता खोला. राशिद (12) ने आते ही प्रिंस पर दो चौके मारे लेकिन अर्शदीप की गेंद पर थर्ड मैन पर रोहित को कैच दे बैठे. अर्शदीप ने अगले ओवर में अल्लाह गजनफर (01) को भी आउट किया. रहमत ने इससे पहले कुलदीप की गेंद पर एक रन के साथ 52 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. अफगानिस्तान के रनों का दोहरा शतक 37वें ओवर में पूरा हुआ. गुरनूर ने मोहम्मद सलीम (09) को बोल्ड करके अपना तीसरा विकेट हासिल किया जबकि प्रिंस ने रहमत को आउट करके अफगानिस्तान की पारी का अंत किया. दार्विश रसूली (06) रिटायर्ड हर्ट हुए.

यशस्वी जायसवाल ने किया निराश, रोहित अर्धशतक से चूके

इससे पहले भारत ने अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले अपने प्रयोगों को जारी रखते हुए रोहित शर्मा (48) के साथ पारी का आगाज करने के लिए यशस्वी जायसवाल (04) को उतारा. बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज जायसवाल इस मौके का फायदा नहीं उठा सके और दूसरे ही ओवर में मोहम्मद सलीम की गेंद पर खरोटे को कैच दे बैठे. रोहित ने अपने पुराने अंदाज की झलक दिखाई। पूर्व कप्तान गेंद को बहुत अच्छे से मारे रहे थे और बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहे थे लेकिन राशिद खान (48 रन पर तीन विकेट) की गुगली ने उन्हें चकमा दे दिया और गेंद उनके बल्ले के अंदरूनी हिस्से से लगकर विकेटों से जा टकराई.

गिल ने 77 बॉल में जड़ा शतक

गिल और किशन ने इसके बाद पारी को संभाला। दोनों ने सटीक और बेहतरीन स्ट्रोक खेले जिससे मुश्किल हालात के बावजूद बल्लेबाजी बहुत आसान लग रही थी. गिल ने बिलाल सामी पर शानदार ड्राइव से चौका लगाते हुए 77 गेंद में अपना नौवां वनडे शतक पूरा किया जो कप्तान के रूप में उनका पहला शतक है.

ईशान किशन ने सिर्फ 71 बॉल में लगाई सेंचुरी

किशन ने भी इसी ओवर में लगातार तीन चौकों के साथ 71 गेंद में अपना दूसरा शतक जड़ा. उन्होंने पिछला शतक दिसंबर 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ दोहरे शतक के रूप में बनाया था. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज की पारी में ताकत और नए तरह के शॉट की झलक दिखी. उन्होंने कुछ शानदार पुल शॉट खेले. किशन ने अपना दूसरा अर्धशतक सिर्फ 19 गेंद में पूरा किया। वह 37वें ओवर में खरोटे (76 रन पर चार विकेट) की गेंद पर लगातार दो छक्कों के बाद अगली गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में स्थानापन्न खिलाड़ी इकराम अलीखिल को कैच दे बैठे.

आखिरी 10 ओवर में भारत ने गंवाए सात विकेट

शतक के करीब पहुंचते-पहुंचते भीषण गर्मी का असर गिल पर दिखने लगा. भारतीय कप्तान को 34वें ओवर के बाद पीठ के इलाज की जरूरत पड़ी और वह काफी थके हुए लग रहे थे. गिल की शानदार पारी का अंत निराशाजनक तरीके से हुआ जब वह खरोटे की गेंद को रिवर्स स्वीप करने की कोशिश में दार्विश रसूली को कैच दे बैठे. गिल के आउट होते ही भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ा गई. टीम ने अगली ही गेंद पर लोकेश राहुल (00) का विकेट गंवाया जबकि श्रेयस अय्यर (26) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए. अफगानिस्तान ने आखिरी चरण में कुछ हद तक वापसी की जब भारत ने आखिरी 10 ओवर में सात विकेट गंवाए.

Editor's Pick