×

ENG vs IND: शुभमन गिल ने सिराज और आकाश दीप की तारीफ के पुलिंदे बांधे, कहा...

ENG vs IND: इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट में भारत की जीत के लिए मोहम्मद सिराज और आकाश दीप ने कमाल की गेंदबाजी की. और कप्तान शुभमन गिल ने अपने गेंदबाजी की तारीफ की.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - July 7, 2025 9:55 AM IST

बर्मिंगम: भारतीय कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) ने आकाश दीप (Akash Deep) और मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) की तारीफ की जिन्होंने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) की गैरमौजूदगी में शानदार प्रदर्शन करते हुए मिलकर 17 विकेट लिए.

गिल ने कहा कि इनके शानदार प्रदर्शन से कप्तान के तौर पर उनका काम काफी आसान हो गया. भारत ने दूसरे टेस्ट में 336 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर पांच मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबर कर ली.

आकाश दीप ने मैच में 10 विकेट लिए जिसमें दूसरी पारी में पहली बार पांच (छह) विकेट (Akash Deep 5 Wicket Haul) लेना भी शामिल है. सिराज ने दोनों पारियों में सात विकेट लिए.

शुभमन गिल ने की गेंदबाजों की तारीफ

गिल ने टीम की जीत के बाद ‘जियोहॉटस्टार’ पर पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) से कहा, ‘जब आपके दो तेज गेंदबाज 17 विकेट लेते हैं तो कप्तान के लिए यह आसान हो जाता है. बुमराह भाई इस मैच में नहीं थे लेकिन टीम में हमारे पास जो गेंदबाज हैं वे एक मैच में 20 विकेट लेने में सक्षम हैं.’

शुरुआती टेस्ट में मिली हार के बाद गिल ने इस वापसी का श्रेय बेहतर गेंदबाजी और बेहतर फील्डिंग को दिया. गिल ने कहा, ‘ऐसे कई मौके रहे हैं जब हमने सीरीज का पहला मैच गंवा दिया और फिर वापसी की. इसलिए हमें पता था कि वापसी कैसे करनी है. अगर हम लगातार 450 रन बनाते हैं तो हमारे गेंदबाज हमें मैच में बनाए रखेंगे.’

शुभमन गिल ने गेंदबाजों और फील्डिंग की तारीफ

उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि जिस तरह से हमने अपनी गेंदबाजी और फील्डिंग में वापसी की, वह देखने लायक था.’ भारत की जीत की नींव गिल ने रखी. उन्होंने पहली पारी में 269 रन बनाए और दूसरी पारी में 161 रन बनाकर 608 रन के विशाल लक्ष्य की नींव रखी.

गिल ने कहा, ‘इस तरह के विकेट पर हमें पता था कि अगर हम 400-500 रन बना लेते हैं, तो यह काफी होगा. हर मैच हेडिंग्ले जैसा नहीं होगा. गेंदबाज शानदार थे. जिस तरह से हम उनके टॉप ऑर्डर को ध्वस्त करने में सफल रहे, उन्होंने शानदार गेंदबाजी की.’

बैटिंग और कप्तानी के बीच बैठाया तालमेल

गिल ने प्रसिद्ध कृष्णा (Prasidh Krishna) की भी प्रशंसा की जिन्होंने अपने प्रयास के बावजूद दबाव बनाए रखा जबकि उन्हें बहुत अधिक विकेट नहीं मिले.

कप्तान ने कहा, ‘उन्होंने (आकाश दीप) सही लेंथ पर गेंद डाली जो इस तरह की पिच पर मुश्किल था. उन्होंने हमारे लिए शानदार प्रदर्शन किया.’

उन्होंने कहा, ‘मैं निश्चित रूप से अपने खेल के साथ सहज महसूस कर रहा हूं और अगर मेरे योगदान से हम श्रृंखला जीतने में सफल रहे तो यह बहुत अच्छा होगा. जैसा कि मैंने पहले कहा कि मैं एक बल्लेबाज के रूप में खेलना चाहता हूं, और एक बल्लेबाज के रूप में मैदान पर उतरना चाहता हूं और एक बल्लेबाज के रूप में निर्णय लेना चाहता हूं.’ गिल ने कहा, ‘कभी-कभी आप कप्तान के रूप में सोचते समय कुछ जोखिम नहीं उठाते हैं जो आपको एक बल्लेबाज के रूप में करना होता है.’