- क्रिकेट न्यूज़
- News
- shubman gill still have to learn a lot but he is doing good in captaincy says david miller
IPL 2024 RCB vs GT: शुभमन गिल को अभी बहुत कुछ सीखना है लेकिन..., धाकड़ खिलाड़ी ने दी राय
गुजरात टाइटंस की टीम के आईपीएल 2024 के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद बहुत कम है. शुभमन गिल का बतौर कप्तान यह पहला सीजन है.
Published On May 05, 2024, 12:51 PM IST
Last UpdatedMay 05, 2024, 12:51 PM IST
shubman-gill
बेंगलुरु: शुभमन गिल (Shubman Gill) को गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) की कप्तानी में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है लेकिन सीनियर बल्लेबाज डेविड मिलर (David Miller) ने उनका समर्थन करते हुए कहा कि यह 24 वर्षीय खिलाड़ी इस भूमिका के साथ तेजी से ‘तालमेल’ बैठा रहा है.
हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) की कप्तानी में पिछले साल की उपविजेता और 2022 की चैंपियन टाइटंस की टीम गिल की कप्तानी में अंक तालिका में नौवें स्थान पर चल रही है और उसकी प्ले ऑफ में जगह बनाने की उम्मीद लगभग (IPL 2024 Playoffs) खत्म हो गई है.
मिलर ने शनिवार को रॉयल चैलेजर्स बेंगलोर (RCB vs GT) के खिलाफ टाइटंस की चार विकेट की हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘शुभमन एक असाधारण खिलाड़ी हैं, जैसा कि हम सभी जानते हैं. वह अब भी युवा है. उसे बहुत कुछ सीखना है लेकिन मुझे लगता है कि वह कप्तानी के साथ वास्तव में अच्छी तरह तालमेल बैठा रहा है.’ उन्होंने कहा, ‘लेकिन मुझे लगता है कि यह कठिन भी है क्योंकि गलती की गुंजाइश बहुत कम है.’
मिलर ने टखने की सर्जरी से उबर रहे अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) की गैर-मौजूदगी को भी पावर प्ले में गेंद के साथ टीम के खराब प्रदर्शन का एक कारण बताया.
उन्होंने कहा, ‘बेशक शमी ने पावर प्ले में शानदार प्रदर्शन किया था. इसलिए हमें ऐसा लगता है कि पावर प्ले में हमें उनकी कमी खल रही है. उन्होंने विकेट चटकाए और इकोनॉमी रेट को कम रखा.’ टाइटंस ने बेंगलोर के खिलाफ 148 रन के कम स्कोर का बचाव करते हुए पावर प्ले में 92 रन लुटाए और इससे मैच का पलड़ा घरेलू टीम के पक्ष में झुक गया.