×

2023 से चल रही थी शुभमन गिल को कप्तान बनाने की 'प्लानिंग', पूर्व सिलेक्टर ने सब राज खोल दिए

आलोचक अकसर कहते हैं कि गौतम गंभीर ने ही शुभमन गिल को कप्तान बनाया है. लेकिन एक ताजा खुलासे में पता चला है कि गिल को कप्तान बनाने की प्लानिंग 2023 से चल रही थी.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 11, 2025 9:45 AM IST

शुभमन गिल भारत की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान हैं. उन्हें भविष्य में तीनों फॉर्मेट का कप्तान माना जा रहा है. एशिया कप 2025 में उन्हें भारतीय टी20 टीम का भी कप्तान बनाया गया था. इस साल जून-जुलाई में उन्हें इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया था. इसके बाद वाइट बॉल में भी उन्हें कप्तानी सौंपी गई. लेकिन गिल को यह सब अचानक नहीं मिला है. बीसीसीआई के पूर्व सिलेक्टर सलिल अंकोला ने कहा है कि गिल को कप्तान बनाने के बारे में साल 2023 में ही सोच लिया गया था. गिल ने उसी साल टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया था. उन्होंने 2019 में वनडे और 2020 में टेस्ट डेब्यू किया था.

विक्की लालवानी के यूट्यूब चैनल पर अंकोला ने कहा, ‘हमने हमेशा से यही सोचा था कि गिल ही कप्तान बनेगा. हमने उसके लिए इस भूमिका के बारे में साल 2023 से सोच लिया था कि वह अब मशाल अपने हाथ में लेगा. सिलेक्टर्स न सिर्फ कोच और कप्तान से सलाह लेते हैं बल्कि कई सीनियर खिलाड़ियों से भी पूछते हैं. उनका भी यही कहना था कि यह सही खिलाड़ी है. इनमें वे खिलाड़ी भी शामिल थे जो पहले रिटायर हो चुके थे.’

मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर ने भी गिल को कप्तान बनाते वक्त यह बताया था कि उन्होंने इस फैसले पर पहुंचने से पहले पूर्व टीम प्रबंधन और खिलाड़ियों से बात की है. और सलील अंकोला ने इसकी पुष्टि कर दी है.

अंकोला ने कहा, ‘यह सभी का फैसला था. सभी को यही लगता था और उसने इंग्लैंड में साबित भी किया. उनके लिए क्या सीरीज रही थी. दबाव में अगर वह इंग्लैंड में 750 रन बना सकता है, तो इससे पता चलता है कि उनकी मानसिक क्षमता कैसी है. लोग कहते रहेंगे कि किसी और को कप्तान होना चाहिए था या किसी को वापस लेकर आओ. इनसान हमेशा असंतुष्ट रहता है. आप जो भी अच्छा करोगे, वे उसमें कुछ गलत ढूंढ ही लेंगे. लोगों को लगता है कि उन्हें सब कुछ पता है.’

TRENDING NOW

गिल को साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में चोट लग गई थी. इसके बाद वह मैदान पर नहीं उतरे. वह गुवाहाटी में दूसरा टेस्ट भी नहीं खेले थे. इसके बाद गिल वनडे सीरीज में भी नहीं उतरे थे. फिलहाल वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज मे उपकप्तान हैं.