श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच गॉल टेस्ट मैच में दूसरे दिन का खेल शुरू होने से पहले एक अस्थायी स्टैंड गिर गया। भारी बारिश और तेज बारिश के चलते दूसरे दिन के खेल से पहले यह स्टैंड नीचे गिर गया। जब स्टैंड गिरा तो खेल शुरू होने में 90 मिनट का वक्त बाकी था। उस समय स्टैंड में कोई भी नहीं था। ऑस्ट्रेलियाई टीम मैदान पर प्रैक्टिस कर रही थी।
मैदान पर बने इस छोटे से स्टैंड को कवर करने के लिए टिन की चादरों का इस्तेमाल किया गया था। इन चादरों को रस्सी से बांधा गया था। तेज बारिश से वह सब हवा में उड़ गया। ग्राउंड स्टाफ को इसे हटाने में खासी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
पहले सेशन में बारिश के कारण बिलकुल भी खेल नहीं हो पाया था। श्रीलंका ने अपनी पारी में 212 रन बनाए थे। इसके जवाब में पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट पर 98 रन बनाए थे।