SL VS NED ICC WCQ 2023: नीदरलैंड से भी मुश्किल से जीता श्रीलंका, यह खिलाड़ी रहा जीत का हीरो

श्रीलंका ने इस जीत के साथ वर्ल्ड कप 2023 के क्वालिफिकेशन की तरफ कदम बढ़ा लिया है. 

Edited By : Akhilesh Tripathi |Jun 30, 2023, 08:24 PM IST

Published On Jun 30, 2023, 08:24 PM IST

Last UpdatedJun 30, 2023, 08:24 PM IST

SL VS NED

Photo credit- Srilanka team twitter

आईसीसी वर्ल्ड कप क्वालिफायर 2023 के सुपर सिक्स के दूसरे मैच में श्रीलंका को नीदरलैंड के खिलाफ जीतने में पसीने छूट गए. श्रीलंका की टीम ने इस मैच को 21 रन से जीता, मगर टीम को इसके लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. श्रीलंका ने इस जीत के साथ वर्ल्ड कप 2023 के क्वालिफिकेशन की तरफ कदम बढ़ा लिया है. श्रीलंका की टीम छह अंक के साथ टॉप पर पहुंच गई है.

श्रीलंका ने इस मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया, मगर पहले सात ओवर में ही टीम ने चार विकेट गंवा दिए. पाथुम निसंका खाता भी नहीं खोल सके, वहीं कुसल मेडिंस 10 रन, सदीरा समरविक्रमा 01 रन और चरिथ असलंका 02 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद दिमुथ करुणारत्ने और धनंजय डि सिल्वा ने पारी को संभाला. करुणारत्ने 33 रन की पारी खेलकर आउट हुए. दासुन शनाका सिर्फ पांच रन बना सके.

दूसरे छोर से विकेट गिरने के बावजूद धनंजय डि सिल्वा ने एक छोर संभाले रखा. धनंजय डि सिल्वा को वानिंदु हसरंगा (20 रन) और महीश तीक्षणा (28 रन) का साथ मिला, जिसकी वजह से श्रीलंका की टीम 200 रन का आंकड़ा पार किया. धनंजय डि सिल्वा शतक से चूक गए और 93 रन की पारी खेलकर आउट हुए. धनंजय डि सिल्वा को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.

श्रीलंका की टीम 47.4 ओवर में सिर्फ 213 रन पर ढेर हो गई. नीदरलैंड के लिए बास डी लीडे और लोगान वान बीक ने तीन-तीन विकेट लिए.

श्रीलंका के लक्ष्य के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी नीदरलैंड की टीम की शुरूआत बेहद खराब रही. टीम के दोनों ओपनर विक्रमजीत सिंह, मैक्स ओ डाउद खाता भी नहीं खोल सके. वेस्ले बैरेसी (52 रन) और बास डी लीडे (41 रन) ने 77 रन की साझेदारी पर पारी को संभाला, मगर इनका विकेट गिरते ही नीदरलैंड की टीम पूरी तरह बिखर गई. कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने अर्धशतक जड़कर एक छोर को संभालने की कोशिश की, मगर उन्हें बाकी खिलाड़ियों से सहयोग नहीं मिला.

नीदरलैंड की टीम ने 176 रन के स्कोर पर नौ विकेट गंवा दिए थे, मगर इसके बाद स्कॉट एडवर्ड्स ने आर्यन दत्त के साथ आखिरी विकेट के लिए 16 रन की साझेदारी कर श्रीलंका की टेंशन बढ़ा दी थी, मगर कप्तान शनाका ने आर्यन दत्त को बोल्ड कर श्रीलंका को जीत दिला दी. स्कॉट एडवर्ड्स 67 रन बनाकर नाबाद रहे. श्रीलंका के लिए महीश तीक्षणा ने तीन विकेट लिए, वहीं वानिंदु हसरंगा को दो सफलता मिली. नीदरलैंड की टीम 40 ओवर में 192 रन पर ऑल आउट हो गई.

Editor's Pick