- क्रिकेट न्यूज़
- News
- SL vs NZ, 2nd T20I: Colin de Grandhomme, Tom Bruce fifty guide New Zealand to win series
SL vs NZ, 2nd T20I: ग्रैंडहोम के अर्धशतक से जीता न्यूजीलैंड, 2-0 से नाम की सीरीज
162 रन के लक्ष्य का पीछा करने के दौरान न्यूजीलैंड ने दो गेंद पहले मैच में जीत दर्ज की।
Published On Sep 03, 2019, 10:45 PM IST
Last UpdatedSep 03, 2019, 10:45 PM IST
Colin de Grandhomme @ AFP
टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में कॉलिन डी ग्रैंडहोम 59(46) और टॉम ब्रूस 53(46) की अतिशी पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने श्रीलंका पर चार विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। इसके साथ ही न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है।
पहली पारी की रिपोर्ट पढ़ने के लिए क्लिक करें।
धनंजय ने श्रीलंका को दिलाई अच्छी शुरुआत
162 रन के लक्ष्य का पीछा करने के दौरान श्रीलंकाई गेंदबाज अकीला धनंजय ने शुरुआती तीन बल्लेबाजों को सस्ते में आउट कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। सलामी बल्लेबाज कॉलिन मुनरो 13(7) वानिंदु हसरंगा को कैच दे बैठे। तीसरे नंबर पर खेलने आए स्कॉट कुगलेइजन 8(5) एलबीडब्ल्यू आउट हुए। जिसके बाद दूसरे सलामी बल्लेबाज टिम सेफर्ट भी धनंजय की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए।
गैंडहोम और ब्रूस ने संभाली पारी
कॉलिन डी ग्रैंडहोम और टॉम ब्रूस के बीच चौथे विकेट के लिए बनी 109 रन की साझेदारी के चलते न्यूजीलैंड ने मैच में वापसी की। दोनों ने बेहद तेज गति से रन बनाए। हालांकि अंत में मैच फंसता नजर आया।
पढ़ें:- टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से मिताली के संन्यास पर पूर्व कप्तान ने कहा- अब तुम..
15 ओवरों के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 130/3 था। टीम को जीत के लिए 30 गेंद पर 32 रन की दरकार थी। ऐसा लग रहा था कि मेहमान टीम मैच को आसानी से अपने नाम कर लेगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। यहां से आगे श्रीलंका के गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी के चलते रनों की रफ्तार पर लगभग लगाम लग गई। 16वें और 17वें ओवर में महज तीन-तीन रन आए। 18वें ओवर में नौ रन बने।
मिशेल सेंटनर ने अंतिम ओवर में बदला मैच का रुख
आखिरी दो ओवरों में न्यूजीलैंड को जीत के लिए 17 रन की दरकार थी। अर्धशतक बनाकर खेल रहे ग्रैंडहोम 19वें ओवर में इसरू उदाना की गेंद पर अविष्का फर्नांडो को कैच दे बैठे। इस ओवर में 10 रन आए।
आखिरी ओवर में जीत के लिए सात रन चाहिए थे, लेकिन पहली ही बॉल पर अर्धशतक बनाकर खेल रहे टॉम ब्रूस रनआउट हो गए। जिसके बाद नए बल्लेबाज मिशेल सेंटनर ने दो गेंद पर एक छक्का और एक चौका लगाकर न्यूजीलैंड को जीत दिलाई।