×

अर्जुन अवार्ड मुझे और बेहतर खिलाड़ी बनने के लिए प्रेरित करेगा: स्मृति मंधाना

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज को अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।

user-circle cricketcountry.com Written by Cricket Country Staff
Last Published on - September 23, 2018 11:21 AM IST

भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना का कहना है कि अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया जाना उन्हें और बेहतर खिलाड़ी बनने के लिए प्रेरित करेगा। मंधाना 2017 विश्व कप के बाद से वनडे में सर्वाधिक रन बनाने वाली दूसरी बल्लेबाज हैं। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज ने पिछले 12 मैचों में सात अर्धशतक और एक शतक की मदद से कुल 669 रन बनाए हैं।

वनडे के साथ साथ टी20 क्रिकेट में भी मंधाना ने धमाल मचाया है। पिछले दो साल में खेले 18 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में मंधाना ने 439 रन जोड़े हैं। टी20 अंतर्राष्ट्रीय ही नहीं इंग्लैंड की किया टी20 लीग में मंधाना ने रनों का अंबार लगाया। वेस्टर्न स्टॉर्म के लिए खेलते हुए मंधाना 174.68 के धमाकेदार स्ट्राइक रेट से 421 रन बनाए। हालांकि भारतीय टीम के अभ्यास कैंप में शामिल होने की वजह से वो टूर्नामेंट पूरा नहीं कर पाई। मंधाना किसी विदेशी टी20 लीग में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाले पहली भारतीय हैं।

वीमेन क्रिकजोन को दिए बयान में मंधाना ने कहा, “अर्जुन अवार्ड मिलना काफी अच्छा है। पहले मुझे पता नहीं था कि अर्जुन अवार्ड क्या होता है, जब मैं 15-16 साल की थी और दूसरे लोग ये अवार्ड जीतते थे। अमृता मैम, जो मेरी मेंटोर हैं हमेशा कहती थी कि एक दिन तुम ये अवार्ड जरूर जीतोगी। मैं उनसे पूछा करती थी कि ‘ये अवार्ड है क्या, मुझे तो ये भी नहीं पता’। जब मैं 17-18 साल की हुई तो मुझे समझ में आया। मुझे उम्मीद नहीं था कि मुझे ये अवार्ड मिलेगा, मैं ये सोचा करती थी कि मैम ऐसे ही कह रही हैं। अवार्ड मिलना अच्छा लग रहा है और इससे मुझे और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली है।”

मंधाना ने आगे कहा, “ये अच्छा है, लोग जितना महिला क्रिकेटरों के बारे में सुनेंगे, उतना ही माता-पिता अपनी बेटियों को क्रिकेट खेलने भेजेंगे। अखबार पढ़ने या महिला क्रिकेटरों के प्रदर्शन और अवार्ड की खबर सुनने से कई लोगों को अपनी बेटियों के लिए क्रिकेट को करियर के तौर पर चुनने में मदद मिलेगी। अगले दो-तीन साल में बहुत सारी लड़कियां क्रिकेट खेलेंगी और अच्छी प्रतिद्वंदिता होगी।”