add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

'मुझे नहीं लगता कि मैंने किसी को इतना प्यार...', शादी टूटने के बाद पहली बार खुलकर बोलीं स्मृति मंधना

स्मृति मंधना पलाश मुच्छल से अपनी शादी टूटने के बाद पहली बार दुनिया के सामने आईं. उन्होंने हालांकि रिश्ते पर बात नहीं की लेकिन इतना साफ कर दिया कि...

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 11, 2025 8:59 AM IST

नवंबर के महीने में स्मृति मंधना के साथ काफी कुछ गुजरी है. उन्होंने भारतीय महिला टीम को पहली बार वनडे वर्ल्ड कप जितवाने में अहम भूमिका निभाई, लेकिन उनकी निजी जिंदगी में काफी तनाव रहा. स्टार बल्लेबाज की पर्सनल लाइफ काफी चर्चा में भी रही. हालांकि यह स्टार बल्लेबाज अब वह काम करने लौट आई है जो उसे सबसे ज्यादा पसंद है. जी, क्रिकेट, मंधना, भारतीय टी20 महिला टीम की उपकप्तान हैं. टीम 21 दिसंबर से श्रीलंका के खिलाफ सीरीज खेलेगी. यह 2 नवंबर, जब भारत ने वर्ल्ड कप जीता था, के बाद टीम का पहला मैच होगा. मंधना, भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ एक इवेंट में थीं, उन्होंने यहां अपने विचार रखे.

म्यूजिक कम्पोजर पलाश मच्छल के साथ अपनी शादी टूटने के बाद स्मृति पहली बार सार्वजनिक मंच पर नजर आईं. उन्होंने कहा, ‘देखिए, सच बात कहूं, तो जैसा हरमन ने कहा, खेल के लिए जो प्यार है, और मुझे नहीं लगता कि मैंने किसी चीज को क्रिकेट से ज्यादा प्यार किया है. तो, जब आप बल्लेबाजी करने जाते है या आप अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हैं, मुझे नहीं लगता कि दिमाग में कोई दूसरा विचार आता है. जब आप भारतीय जर्सी पहनते हैं, तो आप सिर्फ अपने देश के लिए खेलना चाहते हैं और मैच जीतना चाहते हैं.’

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

उन्होंने आगे कहा, ‘हां, मेरे कहने का मतलब है कि जब आप जर्सी पहनते हैं और उस पर इंडिया लिखा होता है तो उससे बड़ी प्रेरणा और कोई नहीं होती. मैं हमेशा सभी से यही कहती हूं कि जब आप यह जर्सी पहन लें, तो आप अपनी सभी परेशानियां एक ओर रख दें. और सिर्फ मैदान पर रहें क्योंकि आपको एक जिम्मेदारी मिली है. और आप करोड़ों लोगों में से एक हैं जिन्हें देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है. आप सिर्फ उस बारे में सोचिए. यही आपके ध्यान को एकाग्र रखता है और आप वह कर पाते हैं जो करना चाहते हैं.’

TRENDING NOW

टीम के साथी खिलाड़ियों के साथ असहमति पर उन्होंने कहा, ‘देखिए, मुझे नहीं लगता कि यह कोई समस्या है क्योंकि हर कोई देश के लिए मैच जीतना चाहता है और हर किसी की अपनी राय होती है कि हम मैच कैसे जीत सकते हैं. लेकिन, सही कहूं तो अगर हम वे चर्चा या बहस न करें तो हम मैदान पर मैच नहीं जीत सकते. क्योंकि आप उस तरह की बात नहीं करेंगे जहां किसी चीज को लेकर असहमति हो, तो इसका अर्थ है कि हम मैच जीतने को लेकर जुनूनी नहीं हैं. तो हमारे बीच इस तरह से बहस होती है.’

स्मृति और पलाश की शादी 23 नवंबर को तय थी. लेकिन स्मृति के पिता का तबीयत बिगड़ने के बाद शादी को टाल दिया गया था. बाद में 7 दिसंबर को स्मृति और मुच्छल ने सोशल मीडिया पर बताया था कि शादी अब नहीं होगी.