- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Smriti Mandhana, Jhulan Goswami star as India thrash New Zealand by 8 wickets in 2nd ODI
स्मृति मंधाना ने कहा- 'प्लेयर ऑफ द मैच' के हकदार हमारे गेंदबाज
गेंदबाजों के बाद सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना के उम्दा प्रदर्शन की बदौलत भारतीय महिला टीम ने दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड को आठ विकेट से हराया।
Published On Jan 29, 2019, 01:32 PM IST
Last UpdatedJan 29, 2019, 01:32 PM IST
Smriti Mandhana © Getty Images
भारतीय महिला टीम ने शानदार गेंदबाजी और बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर न्यूजीलैंड को लगातार दूसरे वनडे में हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। गेंदबाजों के बाद सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना के उम्दा प्रदर्शन की बदौलत भारतीय महिला टीम ने दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड को आठ विकेट से हराया।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए भारत ने न्यूजीलैंड को 44.2 ओवर में 161 रन पर आउट कर दिया। इसके बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच ’ मंधाना (नाबाद 90) और कप्तान मिताली राज (नाबाद 63) ने तीसरे विकेट के लिए 151 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को जीत दिलाई।
पढ़ें:- भारत ने दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड को हराया, जीती सीरीज
एक समय भारत का स्कोर दो विकेट पर 15 रन था जब सलामी बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिगेज (0) और दीप्ति शर्मा (आठ) अपना विकेट गंवा बैठे थे। मंधाना ने जीत के बाद कहा ,‘‘मुझे लगता है कि प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार के हकदार हमारे गेंदबाज थे। मैं इसे अपने गेंदबाजों के नाम करूंगी जिन्होंने अच्छी विकेट पर न्यूजीलैंड को कम स्कोर पर रोका।’’
मंधाना का पिछले 10 वनडे में यह आठवां अर्धशतक था। उसने पहले मैच में 105 रन बनाये थे। उसने आज की पारी में 82 गेंदों का सामना किया। दूसरी ओर मिताली ने 111 गेंद खेलकर 63 रन बनाये और मंधाना का पूरा साथ दिया।
पढ़ें:- ICC टी20 विश्व कप के पहले मैच में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से
मिताली ने छक्का लगाकर भारत को 35.2 ओवर में दो विकेट पर 166 रन तक पहुंचाया। उन्होंने कहा, ‘‘टीम के प्रदर्शन से मैं खुश हूं। चुनौतीपूर्ण हालात में बल्लेबाजी करना मुझे हमेशा अच्छा लगता है। यहां संयम के साथ खेलने की जरूरत थी। स्मृति फॉर्म में है और उसके साथ टिके रहने की ही जरूरत थी।’’
आईसीसी महिला चैम्पियनशिप सीरीज के इस मैच में भारत ने 2.0 की बढत बना ली है। पहला वनडे भारत ने नौ विकेट से जीता था। इसके साथ ही भारतीय टीम ने 2014, 16 के दौरान खेली गई आईसीसी महिला चैम्पियनशिप सीरीज में न्यूजीलैंड से 1.2 से मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया। न्यूजीलैंड आईसीसी महिला चैम्पियनशिप तालिका में दूसरे स्थान पर है और मेजबान होने के नाते उसे 50 ओवरों के विश्व कप में सीधे प्रवेश मिलेगा।
पिछले मैच की ही तरह भारत ने पहले गेंदबाजी चुनकर कीवी टीम को 161 रन पर आउट कर दिया । झूलन गोस्वामी ने 23 रन देकर तीन विकेट लिये । स्पिन तिकड़ी एकता बिष्ट, पूनम यादव और दीप्ति शर्मा को दो दो विकेट मिले। न्यूजीलैंड के लिये सर्वाधिक 71 रन कप्तान एमी सैटर्थवेट ने बनाये ।