- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Smriti Mandhana moves up to 6th, Harmapreet drops to 8th in ICC women’s ODI rankings
कप्तान हरमनप्रीत ICC ODI रैंकिंग में 2 पायदान नीचे खिसकी
ICC महिला वनडे रैंकिंग में स्मृति मंधाना एक पायदान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर पहुंच गयी हैं. वहीं, हरमनप्रीत कौर आठवें स्थान पर खिसक गयी हैं.
Published On Jul 18, 2023, 06:22 PM IST
Last UpdatedJul 18, 2023, 06:22 PM IST
PIC Credit -BCCI Women
दुबई। भारतीय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की मंगलवार को जारी महिला वनडे रैंकिंग में एक पायदान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर पहुंच गयी हैं जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर आठवें स्थान पर खिसक गयी हैं.
मंधाना के 704 रेटिंग अंक हैं जबकि हरमनप्रीत के 702 अंक हैं. भारतीय कप्तान दो पायदान नीचे खिसकी है. बाएं हाथ की स्पिनर राजेश्वरी गायकवाड़ गेंदबाजों की सूची में शीर्ष 10 में शामिल अकेली भारतीय गेंदबाज हैं। इसी तरह ऑलराउंडर की सूची में दीप्ति शर्मा शीर्ष 10 में शामिल अकेली भारतीय खिलाड़ी हैं.
मूनी फिर शीर्ष पर
यह दोनों खिलाड़ी हालांकि एक-एक पायदान नीचे खिसकी हैं. गायकवाड़ नौवें जबकि ऑल राउंडर दीप्ति सातवें स्थान पर हैं. श्रीलंका की चमारी अटापट्टू बल्लेबाजों के वनडे रैंकिंग में केवल दो सप्ताह ही शीर्ष पर काबिज रही. ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी फिर से शीर्ष पर पहुंचने में सफल रही मूनी ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो वनडे में नाबाद 81 और से 30 रन बनाए.
नैट साइवर ने हासिल की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग
उनके बाद इंग्लैंड की नैट साइवर ब्रंट का नंबर आता है जो अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग 763 के साथ दो पायदान चढ़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं. वह ऑलराउंडर की सूची में शीर्ष पर पहुंचने में कामयाब रही. इस वर्ग में भी उन्होंने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग (402) हासिल की.
स्टार ऑलराउंडर ने गेंद से भी अच्छा प्रदर्शन किया और ब्रिस्टल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में इंग्लैंड की जीत में दो विकेट लिए. उनके हरफनमौला प्रदर्शन ने उन्हें वनडे मैचों में हरफनमौला खिलाड़ियों की रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने में मदद की और एक बार फिर करियर की सर्वश्रेष्ठ 402 रेटिंग हासिल की.
नाइट को 4 स्थान का फायदा
हीथर नाइट ने पहले वनडे में फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाई और निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 75 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई. इंग्लैंड की कप्तान को बल्लेबाजों की रैंकिंग में चार स्थान का फायदा हुआ है और अब वह 14वें नंबर पर पहुंच गई है, जहां वह न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन के बराबर हैं.
ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष ऑलराउंडर एश गार्डनर ने बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन जारी रखा. पहले दो वनडे मैचों में संयुक्त रूप से 54 रन और तीन विकेट के साथ, गार्डनर गेंदबाजों की सूची में करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग पर पहुंच गई हैं. वह गेंदबाजों की रैंकिंग 631 रेटिंग अंकों के साथ 8वें नंबर पर और ऑलराउंडरों में 330 रेटिंग अंकों के साथ 5वें पायदान पर पहुंच गई है.
इनपुट- पीटीआई भाषा