- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Smriti Mandhana named ICC Womens ODI Cricketer of the Year
स्मृति मंधाना के नाम बड़ी उपलब्धि, आईसीसी ODI क्रिकेटर ऑफ द ईयर का जीता खिताब
भारतीय महिला टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने 2024 में 13 पारियों में 747 रन बनाए जो किसी कैलेंडर वर्ष में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है.
Published On Jan 27, 2025, 03:35 PM IST
Last UpdatedJan 27, 2025, 03:35 PM IST
Image Credit: X
ICC Womens ODI Cricketer of the Year: भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को सोमवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की 2024 की साल की सर्वश्रेष्ठ महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर चुना गया. भारत की उप कप्तान मंधाना ने 2024 में 13 पारियों में 747 रन बनाए जो किसी कैलेंडर वर्ष में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है.
बाएं हाथ की भारतीय बल्लेबाज 2024 में सबसे अधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं, उन्होंने इस दौड़ में दक्षिण अफ्रीका की लॉरा वोलवार्ट (697 रन), इंग्लैंड की टैमी ब्युमोंट (554 रन) और वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज (469 रन) को पीछे छोड़ा. स्मृति मंधाना को तीसरी बार आईसीसी क्रिकेटर ऑफ द ईयर का खिताब मिला है. इससे पहले उन्होंने साल 2018 और साल 2021 में यह खिताब जीता था.
साल 2024 में मंधाना का रहा जलवा
स्मृति मंधाना ने साल 2024 में वनडे में चार शतक जड़कर महिला क्रिकेट का नया रिकॉर्ड कायम किया, उन्होंने इसके साथ सौ से अधिक बार गेंद को बाउंड्री पार पहुंचाया, मंधाना ने 2024 में 95 चौके और छह छक्के जड़ें. इस 28 साल की बल्लेबाज ने 57.86 की शानदार औसत के अलावा 95.15 की प्रभावशाली स्ट्राइक रेट से रन बना़ए.
उन्होंने बेहतर गेंदबाजी इकाई वाली टीमों के खिलाफ भी कई बड़ी पारियां खेली, साउथ अफ्रीका के खिलाफ जून 2024 में उन्होंने लगातार दो शतक लगाए, भारत ने इस सीरीज को 3-0 से जीता था. उन्होंने अक्टूबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ भी श्रृंखला के निर्णायक मैच में शतक लगाया था, मंधाना ने दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में भी शतक जड़ा था लेकिन उनकी शानदार पारी के बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा था, एक छोर से विकेटों के पतन के बीच मंधाना ने 14 चौके और एक छक्के की मदद से 105 रन बनाए थे.
इनपुट- भाषा