- Home
- News
- Smriti Mandhana Says Her and Shafali Verma Role Will Be Important in Upcoming T20 World Cup
महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए तैयार है भारत, मंधाना ने किसकी भूमिका बताई अहम
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना का कहना है कि 12 जून से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप में उनकी और शेफाली वर्मा की भूमिका काफी अहम रहने वाली है. मंधाना ने इसके साथ ही इंग्लैंड में सीरीज खेलने को फायदेमंद बताया.
Published On Jun 03, 2026, 04:25 PM IST
Last UpdatedJun 03, 2026, 04:25 PM IST
मंधाना ने कहा कि उनकी और शेफाली वर्मा की भूमिका वर्ल्ड कप में अहम रहेगी.
टॉन्टन: आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के शुरू होने में 10 दिन से भी कम का वक्त बचा है. 12 जून से यह वर्ल्ड कप इंग्लैंड में खेला जाना है. भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट से पहले इंग्लैंड में तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेली. भारत ने सीरीज का पहला मैच तो जीता लेकिन उसके बाद उसे लगातार दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा. यह सीरीज भारत और इंग्लैंड दोनों के लिए प्रैक्टिस का अच्छा मौका था.
भारतीय टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना इस हार से निराश हैं. हालांकि उन्होंने वर्ल्ड कप से पहले इंग्लैंड में सीरीज खेलने को अच्छा बताया. उन्होंने माना कि इस विश्व कप में उनकी और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी की भूमिका बहुत अहम होने वाली है.
‘मुझे शेफाली को निभानी है अहम भूमिका’
मंधाना ने तीसरे टी20 के बाद कहा, ‘इंग्लैंड में सीरीज खेलना, जहा हमें विश्व कप खेलना है, तैयारियों के हिसाब से बहुत अच्छा है. लेकिन पीछे मुड़कर देखती हूं, तो मुझे और शेफाली वर्मा दोनों को आगे बहुत बड़ा रोल निभाना है.’
उन्होंने कहा, ‘हम दोनों गेंद को अच्छी टाइमिंग से खेल रहे हैं लेकिन बदकिस्मती से टीम के लिए बड़ा योगदान नहीं कर पा रहे हैं. हम दोनों नेट्स पर वापस जाकर कड़ी मेहनत करते रहेंगे और यह पक्का करेंगे कि हम एक ओपनिंग जोड़ी के तौर पर बेहतर वापसी करें क्योंकि हम दोनों को अच्छी शुरुआत देने और मोमेंटम बनाए रखने पर गर्व है. हम इसे अपने हिसाब से लेंगे और कड़ी मेहनत करेंगे.’
ड्राइंग बोर्ड पर जाएंगे और करेंगे फैसला
मंधाना ने कहा, ‘गेंदबाजी के मामले में, हम ड्राइंग बोर्ड पर जाएंगे और देखेंगे कि कौन से बेहतर विकल्प हैं. हमने इस सीरीज से पहले ऐसा किया था; शायद हम फिर से वापस जा सकते हैं. अब मुझे लगता है कि मुझे पता है कि इन कंडीशन में कौन सी गेंदें फेंकनी हैं.’
तीसरे टी20 में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अर्धशतक लगाया. कप्तानी की पारी पर मंधाना ने कहा कि हरमन जब अपने बेस्ट फॉर्म में होती हैं, तो यह देखने लायक होता है. दबाव में वाकई अहम पारी, खासकर जब हमें 180 या उससे ऊपर तक पहुंचने के लिए ऐसी पारी की जरूरत थी.
हरमनप्रीत की पारी के अलावा, मंधाना ने विश्व कप से पहले भारत के कई बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर कहा, ‘सच में बहुत खुश हूं, लेकिन मुझे लगता है कि हर कोई अच्छी फॉर्म में है, और टी20 विश्व कप में जाने से पहले यह एक अच्छा संकेत है कि जेमी (रोड्रिग्स), हरमन, हर कोई शानदार फॉर्म में है.’