×

अभी कोच पद के लिए तैयार नहीं हूं: सौरव गांगुली

मुझ पर खेल के संचालन की जिम्मेदारी है

user-circle cricketcountry.com Written by Cricket Country Staff
Last Published on - February 4, 2016 12:32 PM IST

 

सौरव गांगुली © Getty Images
सौरव गांगुली © © IANS

पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली ने कहा कि अगर उन्हें पेशकश की भी जाती है तो भी वह फिलहाल भारतीय क्रिकेट टीम के कोच का पद स्वीकार करने की स्थिति में नहीं है। गांगुली से पूछा गया कि क्या वह भारतीय टीम को कोचिंग देने के लिए तैयार हैं तो उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता क्योंकि अभी मेरे पास एक अन्य जिम्मेदारी है। मैं असल में क्रिकेट का संचालन (कैब अध्यक्ष के रूप में) कर रहा हूं। आप दोनों चीजें एक साथ नहीं कर सकते। फिलहाल (कोचिंग को लेकर) ना है क्योंकि मैं प्रशासक हूं जिस पर खेल के संचालन की जिम्मेदारी है।’’ ये भी पढ़ें: अंडर-19 विश्व कप: ग्रुप में शीर्ष स्थान के साथ क्वार्टर फाइनल में पहुंचा पाकिस्तान

अगला बीसीसीआई अध्यक्ष बनने की संभावना पर गांगुली ने एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘मुझे सचमुच में नहीं पता। मैंने करियर शुरू किया है और मुझे नहीं पता कि क्या होगा और कहां अंत होगा। मैं जीवन में किसी चीज को खारिज नहीं करता और ना ही काफी आगे के बारे में सोचता हूं। मैं वर्तमान में जीता हूं। अपने अपने मौजूदा काम को अपनी सर्वश्रेष्ठ क्षमता के अनुसार करना चाहता हूं और फिर देखते हैं क्या होता है।’’

संभवत: अगला कोच चुनने के लिए बनी हाई प्रोफाइल क्रिकेट सलाहकार समिति :सीएसी: में भूमिका के बारे में पूछने पर गांगुली ने कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो मुझे नहीं पता कि इस समिति का वजूद है भी कि नहीं। मुझे लगता है कि टीम अच्छा कर रही है और शायद हमें इस बारे में भविष्य में सोचना हो।’’  ये भी पढ़ें: MCL: ग्रेम स्मिथ की टीम ने जैक्स कैलिस की टीम लिब्रा लीजेंड्स को दी मात

यह पूछने पर कि क्या कई बार धोनी की अनुचित आलोचना होती है, गांगुली ने कहा, ‘‘यह काम का हिस्सा है। धोनी इतने लंबे समय से कप्तान है और वह इन सबका आदी है। हम सब इसके आदी हो जाते हैं। साथ ही जब हम अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो हमें आसमान पर बैठा दिया जाता है।’’ ये भी पढ़ें: अंडर-19 विश्व कप में श्रीलंका के कामिंडू मेंडिस ने की दोनों हाथों से गेंदबाजी

गांगुली ने कहा, ‘‘धोनी में दबाव की स्थिति में धैर्य बनाए रखने की क्षमता है। काफी लोगों ने मुझसे पूछा है कि आप उसके साथ रहे हैं तो बताइये वह धैर्य बरकरार कैसे रखता है। मैं उन्हें कहता हूं कि वह इसे दिखाता नहीं है। वह अंदर से अलग है और बाहर से अलग। उसे ड्रेसिंग रूम में काफी सम्मान हासिल है। हम सिर्फ आलोचना को देखते हैं लेकिन भारत में उसे जितना सम्मान मिलता है वह अविश्वसनीय है।’’

आत्मकथा के बारे में पूछने पर गांगुली ने समय की कमी की बात कही। उन्होंने कहा, ‘‘इसके लिए आपको समय निकालना होगा। फिलहाल मैं काफी काम कर रहा हूं। मै मानद कार्य करता हूं और साथी ही मुझे आजीविका भी चाहिए। शायद कभी मुझे लिखने के लिए समय मिले।’’

TRENDING NOW