'BCCI ईडन गार्डन में मैच न कराए, हम टिकट बंटवारे पर नहीं करेंगे समझौता'
नया संविधान लागू होने के बाद बीसीसीआई का राज्य संघों से कॉम्प्लीमेंट्री टिकट को लेकर विवाद बना हुआ है।
Published On Oct 03, 2018, 01:27 PM IST
Last UpdatedOct 03, 2018, 01:27 PM IST
Sourav Ganguly (File Photo) © IANS
बीसीसीआई का नया संविधान लागू होने के बाद टिकट के बंटवारे को लेकर पैदा हुआ विवाद बढ़ता ही जा रहा है। इंदौर में खेले जाने वाले वनडे को लेकर असमंजस की स्थिति अभी भी बरकरार है। इसी बीच क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के अध्यक्ष सौरव गांगुली भी मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सुर में सुर मिलाते नजर आ रहे हैं।
वेस्टइंडीज के भारत दौरे के दौरान चार नवंबर से तीन मैचों की टी-20 सीरीज की शुरुआत होनी है। पहला टी-20 मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन में खेला जाना है। बीसीसीआई के नए संविधान के मुताबिक 90 प्रतिशत टिकट दर्शकों के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। बाकी बची 10 प्रतिशत टिकट राज्य एसोसिएशन के लिए होंगी। इंडिया एक्सप्रेस अखबार के मुताबिक टिकट बंटवारे के बाद बीसीसीआई को अपने इस्तेमाल के लिए अतिरिक्त टिकट चाहिए।
सौरव गांगुली ने इसपर कहा, “सीएबी चार नवंबर को होने वाले मैच की कॉम्प्लीमेंट्री टिकट के संबंध में समझौता नहीं करेगा। जिन्हें हमें कॉम्प्लीमेंट्री टिकट देनी चाहिए उन्हें हम दे रहे हैं। हम इस मुद्दे पर समझौता नहीं करेंगे। मैं इंदौर में मैच कराने को लेकर एमपीसीए की समस्या को पूरी तरह समझ सकता हूं और पूरी तरह से उनके साथ हूं। लोग कभी व्यवहारिक समस्याएं नहीं समझते हैं। उनकी बात एक दम तर्कसंगत है।”
सौरव गांगुली ने कहा, “टिकट बंटवारे के मुद्दे पर मैं और सीएबी अपनी बात पर पूरी तरह से खड़े हैं। भले ही ईडन गार्डन से 4 नवंबर को होने वाला मुकाबला वापस ले लिया जाए लेकिन हम समझौता नहीं करेंगे। मैं सरकारी तंत्र, नौकरशाहों को जाकर ये नहीं कह सकता कि आप जाकर टिकट खरीदें और मैच देखें। उनकी मदद से ही मैच आयोजित हो पाता है। मुझे नहीं पता अब बीसीसीआई इसपर क्या करेगी। अगर वो चाहते हैं तो हमसे मैच छीन सकते हैं, लेकिन हम समझौता नहीं करेंगे।”
सौरव गांगुली ने कहा, “हमने 10 हजार कॉम्प्लीमेंट्री टिकट कोलकाता पुलिस, कोलकाता कॉर्पोरेशन, फायर ब्रिगेड आदि एजेंसियों को दिए हैं। हमारी पुलिस मैच के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षा इंतजाम करती है। इसके बदले वे बेहद मामूली रकम हमसे लेते हैं। ऐसे में अगर वो हमसे टिकट चाहते हैं तो हम उन्हें मना नहीं कर सकते। हमें प्रथम और दूसरी श्रेणी के क्लबों को भी मैच के टिकट उपलब्ध कराने होते हैं। बीसीसीआई इस मामले की व्यवहारिकता को नहीं समझ रही है।”
बता दें कि 24 अक्टूबर को इंदौर में वनडे मुकाबला शेड्यूल है। एमसीपीए ने पहले ही कांप्लीमेंट्री टिकट को लेकर अपनी समस्या बीसीसीआई को बता चुका है। 24 अक्टूबर को होने वाला वनडे मुकाबला अब बीसीसीआई किसी अन्य स्थान पर कराने पर विचार कर रहा है।