add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

SA VS UAE: कार्बिन बॉश- डेवाल्ड ब्रेविस ने दिलाई साउथ अफ्रीका को जीत, यूएई को मिली एक और हार

साउथ अफ्रीका के लिए कॉर्बिन बॉश ने चार ओवर में सिर्फ 12 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि जॉर्ज लिंडे ने चार ओवर में 17 रन देकर एक विकेट चटकाया.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - February 18, 2026 4:23 PM IST

कार्बिन बॉश की शानदार गेंदबाजी और डेवाल्ड ब्रेविस की तूफानी पारी से साउथ अफ्रीका की टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार चौथी जीत दर्ज की है. साउथ अफ्रीका ने अपने आखिरी ग्रुप लीग मैच में बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात को छह विकेट से हराया.पिछली उपविजेता साउथ अफ्रीका को सुपर आठ चरण के पहले मैच में 22 फरवरी को अहमदाबाद में मौजूदा चैम्पियन और मेजबान भारतीय टीम से खेलना है. वहीं यूएई की टीम ने लगातार चौथी हार के साथ टूर्नामेंट का अंत किया.

हल्की बूंदाबांदी और ठंडे मौसम के बीच भारतीय टीम का मैच नहीं होने के बावजूद अरूण जेटली स्टेडियम पर 12000 से अधिक दर्शक यह मैच देखने मौजूद थे.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

पहले गेंदबाजी करते हुए बॉश के तीन विकेट की मदद से यूएई को छह विकेट पर 122 रन पर रोकने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने 13.2 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया, उसके लिये सबसे बड़ी राहत की बात ‘जूनियर एबी डिविलियर्स’ कहे जाने वाले डेवाल्ड ब्रेविस का फॉर्म में लौटना रहा जिन्होंने 36 रन बनाए.

एडेन माक्ररम ने दिलाई विस्फोटक शुरुआत

यूएई ने गेंदबाजी की शुरूआत अच्छी की और पहले ओवर में ध्रुव पाराशर ने सिर्फ एक रन दिया, कप्तान एडेन माक्ररम ने हालांकि दूसरे ओवर में जुनैद सिद्दीकी को दो चौके जड़कर दबाव हटाया, तीसरे ओवर में उन्होंने हैदर अली शाह को नसीहत देते हुए तीन चौके और एक छक्का लगाया लेकिन आखिरी गेंद पर बोल्ड हो गए. माक्ररम ने 11 गेंद में पांच चौकों और एक छक्के के साथ 28 रन बनाए. नए बल्लेबाज रियान रिकेलटन ने छठे ओवर में मोहम्मद जवादुल्लाह को दो चौके लगाकर दक्षिण अफ्रीका का पचासा पूरा किया लेकिन इसी ओवर में क्विंटोन डिकॉक ने हैदर शाह को कैच थमा दिया, पावरप्ले के बाद स्कोर दो विकेट पर 56 रन था.

फॉर्म में लौटे डेवाल्ड ब्रेविस

इस साल एसए 20 में 370 रन बनाकर सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज रहे ब्रेविस ने टूर्नामेंट में पहली बार खुलकर खेलते हुए पहले आठवें ओवर में जवादुल्लाह को मिडविकेट के ऊपर और फिर अगले ओवर में हैदर को लांग आन पर छक्का लगाया । दूसरे छोर से रिकेलटन ने मोहम्मद फारूक को 11वें ओवर में छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद में पाराशर को कैच देकर लौटे. रिकेलटन ने 16 गेंद में 30 रन बनाए. ब्रेविस ने 25 गेंद में एक चौके और तीन छक्कों के साथ 36 रन बनाए.

कॉर्बिन बॉश ने गेंद से बरपाया कहर

इससे पहले यूएई की पूरी पारी में कुल दस चौके और दो छक्के लगे, अलीशान शराफू (38 गेंद में 45 रन ) को छोड़कर कोई बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका. टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनने वाली पिछली उपविजेता साउथ अफ्रीका के लिए कॉर्बिन बॉश ने चार ओवर में सिर्फ 12 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि जॉर्ज लिंडे ने चार ओवर में 17 रन देकर एक विकेट चटकाया, एनरिच नॉर्किया ने चार ओवर में 28 रन देकर दो विकेट लिए.

यूएई के बल्लेबाजों ने किया सरेंडर

पहले ही सुपर आठ में पहुंच चुकी दक्षिण अफ्रीका के धुरंधर गेंदबाजों के सामने खुद को परखने उतरे यूएई के बल्लेबाजों ने शुरूआत आत्मविश्वास के साथ की, पारी की तीसरी ही गेंद पर आर्यांश शर्मा ने कैगिसो रबाडा को थर्डमैन पर छक्का जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिये थे. रबाडा के दूसरे ओवर में मोहम्मद वसीम ने लगातार तीन चौके समेत चौदह रन लेकर उनकी लय बिगाड़ दी, रबाडा ने पहले दो ओवर के स्पैल में बीस रन दे दिये जिसे देखते हुए कप्तान एडेन माक्ररम ने जॉर्ज लिंडे को गेंद सौपी, उनका यह फैसला कारगर भी रहा जब अपने पहले ही ओवर में लिंडे ने वसीम को पगबाधा आउट करके दक्षिण अफ्रीका को पहली सफलता दिलाई. वसीम ने 12 गेंद में 22 रन बनाए और यूएई का पहला विकेट 38 के स्कोर पर गिरा.

शराफू को छोड़कर यूएई के बल्लेबाजों ने किया निराश

अगले ही ओवर में कोर्बिन बॉश ने शर्मा को क्वेना मफाका के हाथों मिडविकेट पर लपकवाकर यूएई को दूसरा झटका दिया, यूएई के पचास रन आठवें ओवर में बने और इसी ओवर में अलीशान शराफू ने एनरिच नॉर्किया को चौका और छक्का लगाकर दबाव कम करने की कोशिश की. यूएई के बल्लेबाज हालांकि बड़ी साझेदारियां बनाने में नाकाम रहे और विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे, शोहेब खान को बॉश ने विकेट के पीछे क्विंटॉन डिकॉक के हाथों लपकवाकर दक्षिण अफ्रीका को एक और सफलता दिलाई, दसवें ओवर में तीसरा विकेट 64 रन पर गिर गया.

रबाडा 12वें ओवर में फिर गेंदबाजी के लिये लौटे और इस बार बेहतर लाइन और लैंग्थ के साथ तीन ही रन दिये. नॉर्किया को कामयाबी हैदर शाह के विकेट के रूप में मिली जो 14वें ओवर में उनकी शॉर्ट गेंद पर खराब पूल शॉट खेले और मफाका ने दौड़ते हुए कैच लपक लिया. यूएई का चौथा विकेट 82 के स्कोर पर गिर गया. शराफू ने एक छोर से रन बनाने का सिलसिला जारी रखा और मफाका को 15वें ओवर में मिडविकेट पर चौका लगाया, अगली गेंद यॉर्कर फेंकने के प्रयास में मफाका ने फुलटॉस डाल दी और विकेट के पीछे चार रन वाइड में चले गए. नॉर्किया ने शराफू की पारी का अंत 18वें ओवर में किया जो मफाका को कैच देकर लौटे, मफाका ने पारी में यह तीसरा कैच लपका हालांकि डीप से रबाडा भी दौड़ते हुए आ रहे थे लेकिन दोनों खिलाड़ी टकराने से बचे और यह कैच मफाका के हाथ में आया.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/