SA vs AUS: 'यह शानदार मैच होगा...', WTC फाइनल के लिए ऑस्ट्रेलियाई स्टार रोमांचित
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल को लेकर ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज मार्नश लाबुशेन का काफी रोमांचित हैं. उन्होंने अफ्रीकी टीम को काफी संतुलित बताया है.
Published On Jun 07, 2025, 06:05 PM IST
Last UpdatedJun 07, 2025, 06:05 PM IST
Marnus Labuschagne on WTC Final: ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन का मानना है कि लॉर्ड्स में ‘संतुलित’ दक्षिण अफ्रीकी टीम के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का फाइनल एक ‘शानदार मैच’ होगा.
ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी बार 2022-23 में टेस्ट सीरीज में दक्षिण अफ्रीका का सामना किया, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 से जीत दर्ज की थी. मार्नस लाबुशेन ने आईसीसी से कहा, “साउथ अफ्रीका इस डब्ल्यूटीसी चक्र में एक बहुत अच्छी टीम रही है. यह कागजों पर एक संतुलित टीम है. उनके पास कुछ बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं. यह हमारे लिए एक शानदार चुनौती होगी. हमें अपने खेल पर फोकस करना होगा. लॉर्ड्स में खेलना खास होता है. यह एक शानदार सप्ताह और एक शानदार मैच होने जा रहा है.”
30 वर्षीय लाबुशेन उस प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे, जिसने 2023 में ओवल में भारत को 209 रनों से हराकर पहली बार डब्ल्यूटीसी ट्रॉफी जीती थी. इस बार फाइनल में ऑस्ट्रेलियाई टीम साउथ अफ्रीका से भिड़ रही है.
यह रोमांचक टूर्नामेंट है
लाबुशेन ने कहा, “यह एक रोमांचक टूर्नामेंट है. इसका मतलब है कि आप जो भी टेस्ट खेलते हैं, उसमें कुछ न कुछ होता है. यह सभी देशों को गेम में लाता है. कोई भी फाइनल में पहुंच सकता है. इसमें खेलना रोमांचक है. आप दो साल के डब्ल्यूटीसी चक्र के आखिर में ट्रॉफी के लिए भिड़ रहे हैं. मुझे लगता है कि यह बहुत अच्छा रहा है. दो साल पहले, जब हमने भारत को हराया था, तो यह बहुत बढ़िया था. जब भी टेस्ट क्रिकेट होता है, लोग इसे देखना चाहते हैं. शायद भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड टेस्ट क्रिकेट का थोड़ा बोझ उठा रहे हैं, लेकिन हम वाकई चाहते हैं कि सभी देश बेहतरीन खिलाड़ी तैयार करते रहें और टेस्ट क्रिकेट की ऐसी अद्भुत परंपरा को कायम रखने का हिस्सा बनें.”
मार्नस लाबुशेन ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष क्रम में एक मुख्य खिलाड़ी हैं. उन्होंने 57 टेस्ट की 102 पारियों में 46.76 की औसत के साथ 4,396 रन बनाए, जिसमें 11 शतक और 23 अर्धशतक शामिल हैं. इस फॉर्मेट में लाबुशेन 215 रन की पारी भी खेल चुके हैं.