- Home
- News
- South africa tour of new zealand 2022 1st test matt henry bags career best seven as new zealand roll south africa for 95 5244546
New Zealand vs South Africa, 1st Test: पहले दिन 95 रन पर ऑलआउट हुई दक्षिण अफ्रीका, मैट हैनरी ने किया करियर-बेस्ट प्रदर्शन
न्यूजीलैंड टीम ने पहले टेस्ट मैच के पहले दिन दक्षिण अफ्रीका टीम को मात्र 95 रन पर ऑलआउट किया।
Published On Feb 17, 2022, 09:30 AM IST
Last UpdatedFeb 17, 2022, 09:30 AM IST
कीवी तेज गेंदबाज मैट हैनरी (Matt Henry) के करियर के अब तक के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन के दम पर न्यूजीलैंड टीम ने पहले टेस्ट मैच के पहले दिन दक्षिण अफ्रीका टीम को मात्र 95 रन पर ऑलआउट किया। हैनरी ने मैच की पहली पारी में 15 ओवर में मात्र 23 रन देकर सात विकेट झटके।
हैनरी, जिनका पिछला सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ा चार साल पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 93 रन पर चार विकेट लेने का था, ने न्यूजीलैंड टेस्ट टीम का नियमित सदस्य बनने के लिए काफी संघर्ष किया है। चूंकि टिम साउदी (Tim Southee) और ट्रेंट बोल्ट (Trent Boult) लंबे समय से नई गेंद के न्यूजीलैंड के लिए गेंदबाजी कर रहे हैं।
हालांकि ट्रेंट बोल्ट (Trent Boult) दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच का हिस्सा नहीं हैं, ऐसे में हैनरी ने साउदी के साथ मिलकर गेंदबाजी अटैक संभाला हुआ है।
हेग्ले ओवल मैदान में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड टीम की कप्तानी कर रहे टॉम लेथम (Tom Latham) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और ये फैसला पूरी तरह मेजबान टीम के हक में गया।
हैनरी ने कप्तान डीन एल्गर (1), एडेन मारक्रम (15) और रासी वान डेर डूसन को आउट कर दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजी क्रम को तगड़ा झटका दिया।
शीर्ष बल्लेबाजी क्रम के बिखरने के बाद दक्षिण अफ्रीका टीम ने मात्र 52 पर पांच विकेट खो दिए जिससे मेहमान टीम उबर ही नहीं पाई और पूरी टीम 95 पर ढेर हो गई।
दक्षिण अफ्रीका के लिए सर्वाधिक 25 रन जुबैर हमजा ने बनाए। वहीं हैनरी के शानदार सात विकेट हॉल के अलावा न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी, काइल जेमीसन और नील वेगनर ने एक-एक विकेट लिया।