फेहलुकवेओ के ऑलराउंड प्रदर्शन से द. अफ्रीका ने 5 विकेट से जीता डरबन वनडे

पाकिस्‍तान के गेंदबाज हसन अली ने 45 गेंद पर 59 रन की पारी खेली।

Edited By : Cricket Country Staff |Jan 22, 2019, 08:44 PM IST

Published On Jan 22, 2019, 08:44 PM IST

Last UpdatedJan 22, 2019, 08:44 PM IST

Andile Phehlukwayo (File Photo) © Getty Images

डरबन में खेले गए सीरीज के दूसरे वनडे मुकाबले में रासे वान डर डुसेन 80(123) और एंडिल फेहलुकवेओ 69(80) के बीच 127 रनों की अटूट साझेदारी के दम पर साउथ अफ्रीका ने पाकिस्‍तान पर पांच विकेट से जीत दर्ज की। पहले बल्‍लेबाजी करते हुए पाकिस्‍तान की टीम 46वें ओवर में 203 रन पर ऑलआउट हो गई। लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम ने आठ ओवर बाकी रहते ही मैच अपने नाम कर लिया। फेहलुकवेओ ने गेंदबाजी के दौरान भी सर्वाधिक चार विकेट निकाले थे, जिसके कारण उन्‍हें प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया।  इस जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका सीरीज में 1-1 से बराबरी पर पहुंच गई है।

204 रनों के आसान लक्ष्‍य का पीछा करने के दौरान साउथ अफ्रीका की स्थिति भी पाकिस्‍तान से ज्‍यादा अच्‍छी नहीं रही। महज 15 रन के स्‍कोर पर टीम ने दोनों सलामी बल्‍लेबाजों के विकेट खो दिए। रीजा हैंड्रिक्‍स नौ गेंद पर पांच रन बनाकर आउट हुए तो हाशिम अमला के बल्‍ले से महज आठ रन निकले। कप्‍तान फाफ डु प्‍लेसिस भी आठ रन पर चलते बने।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

साउथ अफ्रीका ने 80 रन के स्‍कोर पर अपने पांच विकेट गंवा दिए। डेविड मिलर 31 रन बनाकर शादाब खान का शिकार बने। अगली ही गेंद पर हेनरिक क्‍लासेन 0(1) भी बोल्‍ड हो गए। जिसके बाद रासे वान डर डुसेन ने फेहलुकवेओ के साथ मिलकर टीम के लिए मैच विनिंग 127 रनों की अटूट साझेदारी बनाई। टीम की जीत सुनिश्चित करने के बाद ही दोनों वापस पवेलियन लौटे। पाकिस्‍तान के शाहीन अफरीदी को तीन विकेट मिले। शादाब खान दो विकेट निकालने में कामयाब रहे।

पाकिस्‍तान की बल्‍लेबाजी

इससे पहले बल्‍लेबाजी के दौरान पाकिस्‍तान की लड़खड़ाती पारी को 10वें नंबर के बल्‍लेबाज हसन अली 59(45) के अर्धशतक की मदद से संभाला। महज 112 रन के स्‍कोर पर ही पाकिस्‍तान ने अपने आठ विकेट गंवा दिए थे। हसन अली ने कप्‍तान सरफराज अहमद 41(59) के साथ मिलकर 10वें विकेट के लिए 101 रनों की साझेदारी बनाई। अपनी पारी के दौरान हसन अली ने पांच चौके और तीन छक्‍के लगाए। ये उनके करियर का दूसरा अर्धशतक है।

पढ़ें:- पूर्व क्रिकेटर जैकब मार्टिन के इलाज के लिए क्रुणाल पांड्या ने दिया ब्‍लैंक चैक

पाकिस्‍तान की तरफ से इमाम उल हक 5(14) और फखर जमां 26(44) सलामी बल्‍लेबाज के रूप में खेलने के लिए आए। टीम के महज 15 रन के स्‍कोर पर ही इमाम कगीसो रबाडा की गेंद पर आउट होकर चलते बने। तीसरे नंबर पर खेलने आए बाबर आजम 12(15) भी खास योगदान नहीं दे पाए। टीम के 37 रन के स्‍कोर पर वो भी रबाडा का शिकार बने।

पढ़ें:- ICC अवार्ड्स में विराट कोहली का दबदबा, झटके टॉप 3 पुरस्कार

पाकिस्‍तान की आधी टीम 85 रन के स्‍कोर पर ही पवेलियन लौट चुकी थी। मोहम्‍मद हफीज ने नौ और शोएब मलिक ने 21 रन का योगदान दिया। शादाब खान 18 रन पर तबरेज शम्सी की गेंद पर स्‍टंप आउट हुए। एंडिल फेहलुकवेओ को चार और तबरेज शम्‍सी को तीन विकेट मिले। इसके अलावा कगीसो रबाडा ने दो विकेट अपने नाम किए।

Editor's Pick