FIFA World Cup 2026: दक्षिण कोरिया ने की जीत के साथ शुरुआत, रोमांचक मैच में चेकिया को दी मात
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के पहले मैच में साउथ कोरिया ने कमाल का खेल दिखाते हुए चेकिया को हरा दिया है. कोरिया की टीम ने 2-1 से हरा दिया है.
Published On Jun 12, 2026, 01:00 PM IST
Last UpdatedJun 12, 2026, 01:00 PM IST
South Korea Start With Win: फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत साउथ कोरिया ने जीत के साथ की है. रोमांच के भरपूर मुकाबले में टीम ने चेकिया को 2-1 से हराया. साउथ कोरिया ने मैच के दूसरे हाफ में 1-0 से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की.
मैच के आगाज के साथ ही साउथ कोरिया और चेकिया की टीम को शुरुआत में गोल करने के कई मौके मिले, लेकिन दोनों ही टीमें इस भुनाने में नाकाम रहीं. मैच के 9वें मिनट में साउथ कोरिया के पास मिली फ्री किक से बढ़त बनाने का शानदार मौका था, लेकिन चेकिया के डिफेंस ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया. 11वें मिनट में साउथ कोरिया की टीम कॉर्नर का भी फायदा उठाने में नाकाम रही. पहले हाफ में कोरिया ने चेकिया के डिफेंस पर दबाव तो खूब डाला, लेकिन उनके डिफेंस को भेदने में नाकाम रहे.
साउथ कोरिया ने चेकिया को दी मात
चेकिया को पहले हाफ में दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर सकीं. हालांकि, दूसरे हाफ की शुरुआत से ही चेकिया ने आक्रामक खेल दिखाया और टीम को मैच के 59वें मिनट में सफलता हाथ लगी. लाडिसलाव क्रेजकी ने बेहतरीन हेडर के जरिए शानदार गोल करते हुए टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई. हालांकि, 0-1 से पिछड़ने के बाद साउथ कोरिया ने मैच में शानदार वापसी की. 67वें मिनट में हांग इन बियोम ने टीम की ओर से पहला गोल दागा और स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया. इसके बाद 80वें मिनट में ओह हियोन ग्यू ने साउथ कोरिया को मुकाबले में लीड दिला दी.
मैच में 2-1 की बढ़त बनाने के बाद साउथ कोरिया ने चेकिया को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया. चेकिया ने आक्रामक खेल दिखाते हुए गोल करने का कई बार प्रयास किया, लेकिन साउथ कोरिया के डिफेंस को नहीं भेद सका. अंत में साउथ कोरिया 2-1 से जीत दर्ज करते हुए फीफा विश्व कप 2026 का आगाज जीत के साथ करने में सफल रही.