- क्रिकेट न्यूज़
- News
- south zone reached in duleep trophy 2025 final n jagdeesan become hero
Duleep Trophy: साउथ जोन की हुई फाइनल में एंट्री, जगदीशन बने मैच के हीरो
साउथ जोन की दलीप ट्रॉफी के फाइनल में एंट्री हो गई है. पहली पारी में बढ़त के आधार पर साउथ की फाइनल में एंट्री हुई है.
Published On Sep 07, 2025, 04:31 PM IST
Last UpdatedSep 07, 2025, 04:31 PM IST
South Zone in Final: साउथ जोन ने रविवार को दलीप ट्रॉफी के फाइनल में जगह पक्की कर ली है. इस टीम ने बीसीसीआई सीओई ग्राउंड 1 पर नॉर्थ जोन के खिलाफ सेमीफाइनल मैच की पहली पारी में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की थी.
साउथ जोन को फाइनल में पहुंचाने का श्रेय काफी हद तक विकेटकीपर-बल्लेबाज एन जगदीशन और गेंदबाज गुरजपनीत को जाता है. एन जगदीशन ने इस मैच में 197 और नाबाद 52 रनों की पारियां खेली. वहीं, गुरजपनीत ने चार विकेट अपने नाम किए.
साउथ जोन की हुई फाइनल में एंट्री
मुकाबले में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी साउथ जोन ने पहली पारी में 536 रन बनाए. इस पारी में एन जगदीशन ने तन्मय अग्रवाल (43) और देवदत्त पड्डिकल (57) के साथ शतकीय साझेदारियां कीं. जगदीशन 352 गेंदों में दो छक्कों और 16 चौकों की मदद से 197 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रिकी भुई ने 54 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. इनके अलावा तनय त्यागराजन ने 58 रन की पारी खेली. विपक्षी टीम की ओर से निशांत सिंधु ने पांच विकेट अपने नाम किए.
जगदीसन बने साउथ जोन के लिए हीरो
इसके जवाब में नॉर्थ जोन की टीम पहली पारी में 361 रन पर सिमट गई. टीम के लिए शुभम खजूरिया ने सर्वाधिक 128 रन बनाए, जबकि निशांत ने 82 रन का योगदान दिया. इनके अलावा आयुष बडोनी ने टीम के खाते में 40 रन जोड़े, जबकि मयंक डागर ने 31 रन जुटाए.
विपक्षी खेमे से गुरजपनीत सिंह ने 96 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए, जबकि निधीश ने तीन विकेट निकाले. साउथ जोन के पास पहली पारी के आधार पर 175 रन की विशाल लीड थी. इस टीम ने दूसरी पारी में 24.4 ओवरों में एक विकेट गंवाकर 95 रन बना लिए थे. इस पारी में जगदीशन 69 गेंदों में 52 रन बनाकर नाबाद रहे.
टीम ने 34 के स्कोर पर तन्मय अग्रवाल (13) का विकेट गंवा दिया था. यहां से जगदीशन ने देवदत्त पड्डिकल के साथ अटूट साझेदारी करते हुए टीम को संभाला. मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ. साउथ जोन 11 सितंबर से इसी मैदान पर खिताबी मुकाबले में सेंट्रल जोन के खिलाफ उतरेगी.