श्रीलंका ने किया पाकिस्तान का क्लीन स्वीप, 2-0 से जीती सीरीज

दुबई टेस्ट में 68 रन से हारा पाकिस्तान

Edited By : Anoop Dev Singh |Oct 10, 2017, 05:24 PM IST

Published On Oct 10, 2017, 05:24 PM IST

Last UpdatedOct 10, 2017, 05:24 PM IST

© Getty Images
© Getty Images

पाकिस्तान के खिलाफ दुबई में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में भी श्रीलंका ने शानदार जीत दर्ज की। श्रीलंका ने पाकिस्तान को 68 रनों से हरा दिया और दो मैचों की टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान का क्लीन स्वीप कर दिया। श्रीलंका ने पाकिस्तान को 317 रनों का लक्ष्य दिया था जिसके जवाब में सरफराज अहमद की टीम 248 रनों पर सिमट गई। पाकिस्तान के लिए दूसरी पारी में असद शफीक ने 112 रनों की गजब की शतकीय पारी खेली और कप्तान सरफराज अहमद ने भी 68 रन बनाए लेकिन इसके बावजूद ये दोनों बल्लेबाज अपनी टीम की हार नहीं टाल सके। दूसरी पारी में श्रीलंका के लिए जीत की स्क्रिप्ट ऑफ स्पिनर दिलरुवान परेरा ने लिखी जिन्होंने 98 रन देकर 5 विकेट लिए।

पांचवें दिन का खेल दुबई टेस्ट का पांचवां दिन बेहद ही रोमांचक अंदाज में शुरु हुआ। इस दिन पाकिस्तान को जीत के लिए 119 रन चाहिए थे और श्रीलंका को 5 विकेट की जरूरत थी। क्रीज पर असद शफीक और सरफराज अहमद टिके हुए थे। जल्द ही असद शफीक ने अपना शतक पूरा किया लेकिन इसके बाद ही पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा। सरफराज अहमद दिलरुवान परेरा की गेंद पर 68 रन बनाकर आउट हो गए। अपने अगले ओवर में दिलरुवान ने मोहम्मद आमिर को भी 4 रन पर आउट कर दिया। इसके बाद रंगना हेराथ ने यासिर शाह को भी 5 रन पर निपटा दिया। रही सही कसर सुरंगा लकमल ने असद शफीक को 112 रन पर पैवेलियन लौटा कर कर दी। आखिर में वहाब रियाज को आउट कर रंगना हेराथ ने पाकिस्तानी पारी को 248 रन पर समेट दिया।  [ये भी पढ़ें: गुवाहाटी टी20 (प्रिव्यू): सीरीज जीतने पर होंगी टीम इंडिया की नजरें]


यूएई में 7 साल बाद हारा पाकिस्तान!
आपको बता दें पाकिस्तानी टीम ने 7 साल बाद यूएई में सीरीज गंवाई है। साल 2010 के बाद से पाकिस्तान ने यूएई में हार नहीं झेली थी लेकिन श्रीलंका ऐसा करने वाली पहली टीम बनी। पिछले 7 सालों में पाकिस्तान ने यूएई में 10 टेस्ट सीरीज खेली जिसमें 5 में उसे जीत मिली, एक में हार और 4 सीरीज ड्रॉ रही। आपको बता दें श्रीलंका से टेस्ट सीरीज हारते ही पाकिस्तानी टीम टेस्ट रैंकिंग में 7वें नंबर पर भी लुढ़क गई है। जबकि जीत के बाद श्रीलंकाई टीम टेस्ट रैंकिंग में छठे नंबर पर पहुंच गई है।

Editor's Pick