- Home
- News
- Sri Lanka came up with extra batsman due to failure of top batting order: Rumesh Ratnayake
फ्लॉप बल्लेबाजी क्रम की वजह से अतिरिक्त बल्लेबाज के साथ उतरना पड़ा: रुमेश रत्नायके
श्रीलंका के गेंदबाजी कोच ने कहा कि रंगना हैराथ की कमी टीम को काफी खल रही है।
Published On Dec 02, 2017, 09:29 PM IST
Last UpdatedDec 02, 2017, 09:29 PM IST
श्रीलंका सीरीज में 0-1 से पीछे चल रही है © Getty Images
श्रीलंका के गेंदबाजी कोच रूमेश रत्नायके ने भारत के खिलाफ तीसरे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट में चार गेंदबाजों के साथ उतरने के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि बल्लेबाजी क्रम के असफल होने के कारण उन्हें अतिरिक्त बल्लेबाज के साथ उतरना पड़ा। भारत ने फिरोजशाह कोटला मैदान पर खेले जा रहे टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट पर 371 रन बनाकर अपना स्थिति मजबूत कर ली है।
दिन का खेल खत्म होने के बाद रत्नायके ने मीडिया से कहा, ‘‘हमें यह फैसला करना था कि हमें अतिरिक्त बल्लेबाज के साथ उतरना है या अतिरिक्त गेंदबाज के साथ। हमने बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था इसलिए अगर हमें पहले दिन बल्लेबाजी करनी पड़ती है तो हमें सात बल्लेबाज की जरूरत पड़ती। तेज गेंदबाजों को हालांकि इसके कारण काफी गेंदबाजी करनी पड़ी जैसा दूसरे मैच के दौरान भी हुआ था।’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘ शीर्ष पांच बल्लेबाजों के अच्छा प्रदर्शन नहीं करने के कारण हमें अतिरिक्त बल्लेबाज खिलाना पड़ा। अनुकूल स्थिति में हम 6-5 के संयोजन के साथ उतरना पसंद करते।’’
खल रही है रंगना हेराथ की कमी
पीठ की चोट के कारण रंगना हेराथ के बाहर होने पर रत्नायके ने कहा कि उन्हें बाएं हाथ के इस स्पिनर की कमी खली। रत्नायके ने कहा, ‘‘मौजूदा टीम में वह हमारे लिए सबसे अधिक विकेट लेने वाला गेंदबाज है और हमें निश्चित रूप से उसकी कमी खली। उसके बाहर होने के कारण लक्षण संदकन को मौका मिला जो लगातार अच्छा कर रहा है। उसने आखिरी सेशन में जो दो विकेट लिए अगर वह ऐसा दो सेशन पहले करता तो बेहतर होता।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उसने गुगली तीसरे सेशन के आखिर में आजमाई। हमने चाय के दौरान बात की कि वह आखिर गुगली का उपयोग क्यों नहीं कर रहा। उसने इसके बावजूद तीसरे सेशन तक इसका इस्तेमाल नहीं किया।’’
वनडे सीरीज में गेंदबाजी कर सकते हैं एंजेलो मैथ्यूज
चोट के बाद वापसी कर रहे एंजेलो मैथ्यूज अभी गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं लेकिन रत्नायके ने उम्मीद जताई कि वह जल्द ही गेंदबाजी कर पाए। रत्नायके ने कहा, ‘‘उसने कल नेट्स पर छह ओवर गेंदबाजी की। उसकी चोट नाजुक थी लेकिन अगर उसे वनडे सीरीज में मौका मिलता है तो उम्मीद है कि वह जरूरत के मुताबिक गेंदबाजी कर पाएगा।’’