- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Sri Lanka vs Pakistan: Azhar Ali completes 5,000 runs in Test cricket
टेस्ट क्रिकेट में अजहर अली ने पूरे किए अपने 5,000 रन
यह कारनामा करने वाले वह आठवें पाकिस्तानी बल्लेबाज हैं।
Published On Sep 30, 2017, 10:52 PM IST
Last UpdatedSep 30, 2017, 10:52 PM IST

आबु धाबी टेस्ट के तीसरे दिन अजहर अली ने अपने टेस्ट करियर के 5,000 रन पूरे कर लिए। अहजर ने ये रन अपने 61वें टेस्ट की 115वीं पारी में पूरे किए हैं। टेस्ट क्रिकेट में 5,000 रन पूरे करने वाले वह दुनिया के 93वें और पाकिस्तान के आठवें बल्लेबाज हैं। पाकिस्तान की ओर से सबसे तेज 5,000 रन पूरे करने वाले वह चौथे बल्लेबाज हैं। उनसे तेज 5,000 रन पूरे करने वाले पाकिस्तानी बल्लेबाज यूनिस खान 106 पारी, जावेद मियांदाद 107 पारी, और मोहम्मद यूसुफ 108 पारी हैं।
अली दिन का खेल खत्म होने तक 74 रनों पर नाबाद हैं। उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान अपना पहला चौका 126 गेंदें खेलकर लगाया है। इस तरह से साल 2012 के बाद सबसे ज्यादा गेंदें खेलकर चौका या छक्का लगाने वाले वह दुनिया के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं।
पाकिस्तान ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में चार विकेट के नुकसान पर 266 रन बना लिए। स्टम्प्स तक अजहर अली 74 रन बनाकर विकेट पर जमे हुए हैं। पाकिस्तान ने अपने दूसरे दिन के स्कोर 64 रनों पर बिना कोई विकेट से आगे खेलना शुरू किया। शुक्रवार के नाबाद बल्लेबाज शान मसूद (59) और समी असलम (51) ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए, लेकिन इसके बाद वे ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए।
114 के कुल स्कोर पर असलम आउट हुए तो दो रन बाद मसूद पवेलियन लौटे गए। एक समय मजबूत दिख रही पाकिस्तान अचानक से बैकफुट पर आ गई थी। लेकिन अजहर अली ने अशद शफीक (39) के साथ मिलकर टीम को दबाव से बाहर निकाला, लेकिन अर्धशतक की ओर बढ़ रहे शफीक को रंगना हेराथ ने पवेलियन भेज दिया। [ये भी पढ़ें: नागपुर वनडे (प्रिव्यू): जीत की राह में लौटने को बेताब टीम इंडिया]
Congratulations @AzharAli_ on completing 5000 runs in Test cricket He is fourth fastest Pakistan batsman to surpass that landmark #PAKvSL pic.twitter.com/cTAXiChmV7
— PCB Official (@TheRealPCB) September 30, 2017
उनके स्थान पर आए बाबर आजम ने अजहर का साथ दिया और दोनों ने मिलकर टीम का स्कोरबोर्ड आगे बढ़ाया। 266 के कुल स्कोर पर आजम, नुवान प्रदीप का शिकार बने। इसी के साथ दिन का खेल खत्म होने की घोषणा की गई। अजहर ने अभी तक अपनी पारी में 200 गेंदों का सामना किया है और सिर्फ तीन चौके लगाए हैं। पाकिस्तान अभी भी श्रीलंका से 153 रन पीछे है। [Input from IANS]