- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Sri Lankan court denies bail to Jaffna Kings co owner Manjot Kalra
शुभमन गिल के साथी खिलाड़ी को बड़ा झटका, श्रीलंका की अदालत ने खारिज की जमानत याचिका
Manjot Kalra Bail Rejected: भारत के अंडर-19 विश्व कप 2018 में शुभमन गिल के साथी खिलाड़ी रहे मनजोत कालरा को बड़ा झटका लगा है. श्रीलंका की अदालत ने मैच फिक्सिंग के मामले में कालरा की जमानत याचिका खारिज कर दी है.
Published On Jul 27, 2026, 09:41 PM IST
Last UpdatedJul 27, 2026, 09:41 PM IST
अंडर-19 विश्व कप 2018 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक लगाने वाले मनजोत कालरा को बड़ा झटका लगा है. कालरा भारत की अंडर-19 टीम में शुभमन गिल, पृथ्वी शॉ और अर्शदीप सिंह के साथ खेल चुके हैं.मनजोत कालरा और युवराज पुष्पा को 17 जुलाई को श्रीलंका पुलिस ने मैच फिक्सिंग के आरोप गिरफ्तार किया था.
श्रीलंका की एक अदालत ने सोमवार को मैच फिक्सिंग के कथित मामले में लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) फ्रेंचाइजी जाफना किंग्स के सह-मालिक मनजोत कालरा सहित गिरफ्तार दो भारतीय नागरिकों की जमानत याचिका खारिज कर दी.
मनजोत कालरा की जमानत हुई खारिज
मनजोत कालरा और युवराज पुष्पा को 17 जुलाई को गिरफ्तार किए जाने के बाद 31 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. दोनों ने कोलंबो के मुख्य मजिस्ट्रेट असांगा एस. बोडारागामा की अदालत में समय से पहले जमानत देने की गुहार लगाई थी. बचाव पक्ष के वकील के डब्ल्यू एस फर्नांडो ने दलील दी कि दोनों आरोपियों की तबीयत खराब है, इसलिए उन्हें जमानत दी जानी चाहिए.
अभियोजन पक्ष ने इसका विरोध करते हुए कहा कि खेलों से जुड़े अपराधों की रोकथाम के लिए गठित श्रीलंका पुलिस की विशेष जांच इकाई की जांच अभी जारी है. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने जमानत याचिका खारिज कर दी और न्यायिक हिरासत की अवधि यथावत रखने का आदेश दिया.
श्रीलंका के खिलाड़ियो ने दर्ज कराई थी शिकायत
कथित भ्रष्टाचार की शिकायत श्रीलंका के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों भानुका राजपक्षे, अविष्का फर्नांडो और दुनिथ वेलालागे ने दर्ज कराई थी.अदालत को यह भी बताया गया कि इस मामले में दो अन्य स्थानीय क्रिकेटरों ने भी शिकायतकर्ताओं का साथ दिया है. पांच फ्रेंचाइजी और 24 मैचों वाली लंका प्रीमियर लीग का आयोजन 17 जुलाई से आठ अगस्त तक किया जा रहा है.