- Home
- News
- Steve Smith recovered from Finger Injury Ready for comeback in second test against West Indies
दूसरे टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए खुशखबरी, टीम से जुड़ा स्टार बल्लेबाज
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के दूसरे मैच के लिए स्टीव स्मिथ तैयार हैं. यह स्टार खिलाड़ी पहले टेस्ट में उंगली की चोट के चलते नहीं खेल पाया था.
Published On Jun 30, 2025, 03:25 PM IST
Last UpdatedJun 30, 2025, 03:25 PM IST
tim paine steve smith
सेंट जॉर्ज (ग्रेनाडा): ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में खेलने के लिए तैयार हैं. स्टीव स्मिथ के दाएं हाथ की छोटी उंगली में चोट लगी थी. इस चोट से उबरने के लिए उन्होंने बेसबॉल का सहारा लिया.
स्मिथ को इस महीने की शुरुआत में लॉर्ड्स में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के दौरान उंगली में चोट लगी थी. स्मिथ को पहली स्लिप में दक्षिण अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा का मुश्किल कैच लेने की कोशिश करते समय यह चोट लगी थी. और इस वजह से वह वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के पहले मैच में नहीं खेल पाए थे.
इस 36 वर्षीय पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने अपने घाव को साफ करने, टांके लगाने और उंगली में पट्टी लगाने के बाद तुरंत लंदन छोड़ दिया. चोट के अपने आप ठीक होने का इंतजार करने के बजाय उन्होंने न्यूयॉर्क में ‘बेसबॉल केज’ में जाने का फैसला किया, जहां उनका एक अपार्टमेंट है.
चोट के कारण वह वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में नहीं खेल पाए थे जिसे ऑस्ट्रेलिया ने 159 रन जीता था.
न्यूयॉर्क में उन्होंने सख्त क्रिकेट गेंद का सामना करने से पहले नेट पर टेनिस गेंद और अन्य हल्की गेंदों से अभ्यास शुरू किया.
ईएसपीएनक्रिकइन्फो ने स्मिथ के हवाले से कहा, ‘मेरे दोस्त ने मुझे इसके बारे में बताया, जो कि आदर्श था, क्योंकि वहां (न्यूयॉर्क में) मौसम काफी गर्म था. मैंने बेसबॉल केज में अभ्यास किया जिससे मुझे जल्दी ठीक होने में मदद मिली.’
बेसबॉल केज एक जालीदार घेरा होता है, जो क्रिकेट के नेट जैसा ही होता है. बेसबॉल खिलाड़ी इसका उपयोग हिटिंग का अभ्यास करने के लिए करते हैं. स्मिथ ने अपनी बल्लेबाजी की फुटेज ऑस्ट्रेलिया के मेडिकल स्टाफ को भेजी, जो उनकी प्रगति से खुश है.