'सख्त सजा की कमी की वजह से नियंत्रण से बाहर हुई बॉल टैंपरिंग'

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने सैंडपेपर गेट को बचकाना और हास्यपद बताया।

Edited By : Cricket Country Staff |Oct 28, 2018, 11:57 AM IST

Published On Oct 28, 2018, 11:57 AM IST

Last UpdatedOct 28, 2018, 11:57 AM IST

Steven Smith, David Warner and Cameron Bancroft © Getty Images

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर स्टीव वॉ ने कहा है कि पहले गेंद से छेड़छाड़ मामलों में कड़ी सजा ना होने की वजह से हालात इतने ज्यादा बिगड़ गए हैं। गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर स्टीवन स्मिथ, डेविड वार्नर और कैमरून बैनक्रॉफ्ट को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट के दौरान बॉल टैंपरिंग का दोषी पाया गया था। जिसके बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान स्मिथ और उप कप्तान वार्नर पर एक साल और बैनक्रॉप्ट पर 9 महीने का बैन लगाया। इस मामले के बाद आईसीसी ने भी बॉल टैंपरिंग को लेवल 2 से बढ़कर लेवल 3 का अपराध करार दे दिया।

वॉ ने ईएसपीएन क्रिकइंपो से बातचीत में कहा, “आपको पता है कि वो गेंद को मैदान के खुरदुरे हिस्से पर फेंककर बाउंड्रीज नियंत्रित करते हैं, जैसा कि उन्हें नहीं करना चाहिए और यहां से चीजें आगे ही बढ़ती चली गई। ये शर्म की बात है कि हालात यहां तक पहुंच गए हैं लेकिन मेरा सोचना है कि अधिकारियों ने ऐसा होने दिया। पहले के समय में कई कप्तान ऐसे थे जिन्हें टैंपरिंग का दोषी पाया गया और सजा इतनी कम थी, इस वजह से कुछ गलत करने के लिए कोई सजा थी ही नहीं और ऐसी चीजों से स्थिति नियंत्रण से बाहर निकल गई।”

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

पूर्व क्रिकेटर ने सैंडपेपर गेट को बचकानी और हास्यपद घटना बताया। उनका कहना है कि पिछले कुछ सालों के माहौल में खिलाड़ियों ने वास्तविकता के साथ संपर्क खो दिया है। वॉ ने कहा, “वो एक बुलबुले में हैं और सुरक्षित हैं। वो बहुत सारी चीजों से अछूते हैं। उनके आसपास बहुत से लोग हैं जो उन्हें बचाए हुए हैं और उन्हें ये बताते हैं को वो कितने अच्छे हैं और सब कुछ कितना शानदार है। इससे आप कई बार वास्तविकता के साथ संपर्क खो देते हैं और मुझे लगता है कि ये बात वहां पूरी तरह से साबित होती है जब स्टीवन स्मिथ ने कहा था कि ‘हम ये गलती दोबारा नहीं करेंगे और इससे आगे बढ़ेंगे’, उन्हें पता ही नहीं चला कि गलती कितनी बड़ी थी और उन्होंने आखिरकार किया क्या है। इसलिए मेरे लिए वो एक औसत शख्स की वास्तविकता से दूर हैं।”

सैंडपेपर गेट पर वॉ ने आगे कहा, “ये खबर पहले पन्ने पर थी और हम सभी ने वो भावुक प्रेस कॉन्फ्रेंस देखीं और ये ऐसा वाकया था जो लगातार बड़ा होता जा रहा था। जब आप मुड़कर इसकी तरफ देखते हैं तो ये एक बेवकूफी भरी गलती थी लेकिन इस पर जरूरत से ज्यादा प्रतिक्रिया दिखाई गई, साथ ही जिस तरह से इसे कवर किया गया वो भी जरूरत से ज्यादा गंभीर था लेकिन यहीं ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का स्वभाव है। क्रिकेट को हमारे देश की पहचान की तरह से देखा जाता है। अगर हम अच्छा खेल रहे हैं और जीत रहे हैं तो हम एक देश के तौर पर अच्छा महसूस करते हैं और जब ये घटना हुई तो सभी को तगड़ा झटका लगा।”

वॉ ने कहा कि स्मिथ और वार्नर बेहद जुनूनी खिलाड़ी हैं। उनके सामने अभी बहुत क्रिकेट बाकी है, ऐसे में उनकी सबसे बड़ी चुनौती इस घटना से मानसिक तौर पर उबरने की होगी। लोग इसके बारे में बात करना बंद नहीं करेंगे, उन्हें ही इससे आगे बढ़ना सीखना होगा।

Editor's Pick