सफल रही स्टीवन स्मिथ की सर्जरी, मैदान में जल्द वापसी पर अब भी संदेह
स्टीवन स्मिथ के सीधे हाथ की कोहनी की सर्जरी हुई है।
Published On Jan 16, 2019, 09:26 PM IST
Last UpdatedJan 16, 2019, 09:26 PM IST
Steven Smith (File Photo) © Getty Images
बॉल टैंपरिंग मामले में एक साल का बैन झेल रहे ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीवन स्मिथ की कोहनी का ऑपरेशन कामयाब रहा। हालांकि अभी भी ये स्पष्ट नहीं है कि वो प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में कब तक वापसी कर पाएंगे। ऑस्ट्रेलिया के अखबार सिडनी मॉर्निंग ने स्मिथ के ऑपरेशन के कामयाब होने की जानकारी दी।
पढ़ें:- सबसे बड़े मैच फिनिशर महेंद्र सिंह धोनी, स्ट्राइक रेट में नंबर वन
स्मिथ को सीधे हाथ की कोहनी में हल्के दर्द की शिकायत थी। बांग्लादेश प्रीमियर लीग के मैच के दौरान चोट काफी बढ़ गई। जिसके बाद उन्हें बीच में ही सीरीज छोड़कर जाना पड़ा। माना जा रहा है कि ऑपरेशन के बाद स्मिथ के रिहैब की प्रक्रिया फरवरी महीने में शुरू होगी। जिसके बाद उन्हें कोहनी में एक बार फिर पहले की तरह ताकत प्राप्त करने में वक्त लग सकता है। ऐसे में 29 मार्च को बैन की अवधि खत्म होने के साथ ही तुरंत प्रतिस्पधी क्रिकेट में उनकी वापसी मुश्किल नजर आ रही है।
पढ़ें:- ऑस्ट्रेलिया के लौटने के बाद घर से बाहर नहीं निकले हार्दिक पांड्या
संभावना जताई जा रही है कि स्मिथ यूएई में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज से एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं। केपटाउन टेस्ट में सामने आए बॉल टैंपरिंग विवाद में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्मिथ और डेविड वार्नर पर 1-1 साल का बैन लगाया था जबकि बल्लेबाज कैमरून बैनक्रॉफ्ट पर नौ महीने का बैन लगा था। बैनक्रॉफ्ट पर लगे बैन की अवधि पूरी हो चुकी है।