- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Sunil Gavaskar Happy after India beating New Zealand by 8 Wickets says it is Good Preparation for T20 World Cup 2026
IND vs NZ- टी20 वर्ल्ड कप की परफेक्ट तैयारी कर रही है टीम इंडिया: सुनील गावस्कर
पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का मानना है कि भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप की बहुत अच्छी तैयारी कर रही है. वह न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज के तीसरे मैच में भारतीय टीम के प्रदर्शन से काफी खुश हैं.
Published On Jan 26, 2026, 03:49 PM IST
Last UpdatedJan 26, 2026, 03:49 PM IST
Sunil-Gavaskar
नई दिल्ली: भारत ने न्यूजीलैंड को गुवाहाटी में खेले गए टी20 इंटरनेशनल मैच में 8 विकेट से जीत हासिल की. भारत ने इस मैच में एकतरफा जीत हासिल की. टीम इंडिया के इस धमाकेदार प्रदर्शन से पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर काफी खुश हैं. उन्होंने कहा कि इस सीरीज को टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों के तौर पर देखा जाना चाहिए.
गावस्कर ने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज को केवल अभ्यास के तौर पर देखा जाना चाहिए. पूर्व कप्तान ने कहा भारत टी20 विश्व कप में अपने खिताब का बचाव करने के लिए पूरी लगन से तैयारी कर रहा है और किसी भी चीज को हल्के में नहीं ले रहा है.
गावस्कर ने जियो हॉटस्टार के एक कार्यक्रम में कहा, ‘यह सीरीज तो भूख जगाने की तरह है. असली काम तो 7 फरवरी से शुरू होगा. सीरीज जीतने के बाद अब सारा ध्यान विश्व कप खिताब का बचाव करने पर है. यह खिलाड़ी उसके लिए अच्छी तरह से तैयारी कर रहे हैं.’
उन्होंने कहा, ‘उनमें से कुछ को तो बल्लेबाजी का मौका भी नहीं मिला है, इसलिए वे ‘रेंज हिटिंग, टाइमिंग, रिदम, बैट फ्लो और पिक-अप’ पर काम कर रहे हैं. इससे पता चलता है कि इस टीम का ध्यान पूरी तरह से अपने लक्ष्य पर केंद्रित है. वे विश्व कप को हल्के में नहीं ले रहे हैं. वे किसी भी चीज को हल्के में नहीं ले रहे हैं.’

गावस्कर ने कहा कि भारत की टीम की गहराई और आत्मविश्वास इस बात से स्पष्ट हो जाती है कि लोअर ऑर्डर के बल्लेबाजों के योगदान के बिना भी वह आसानी से मैच जीत रही है.
उन्होंने कहा, ‘भारत को खुद पर पूरा भरोसा है. जब आपके पास निचले क्रम में रिंकू सिंह और हार्दिक पंड्या जैसे खिलाड़ी हों और उन्हें दो मैचों में बल्लेबाजी करने की जरूरत भी न पड़ी हो और भारत फिर भी आसानी से जीत रहा हो तो इससे इस टीम की क्षमता और गहराई का पता चलता है.’
इस 76 वर्षीय दिग्गज खिलाड़ी ने कहा कि भारतीय बल्लेबाजों की मौजूदा मानसिकता सबसे छोटे फॉर्मेट के लिए पूरी तरह से उपयुक्त है. गावस्कर ने कहा, ‘अगर 20 ओवर के मैच में कोई बल्लेबाज खुद से कहता है कि उसके पास पांच या सात ओवर हैं तो वह लगभग हर गेंद पर रन बनाने की कोशिश कर सकता है. यह हमेशा चौका या छक्का जड़ने से नहीं जुड़ा है. यह एक या दो रन भी हो सकते हैं, लेकिन मकसद हर गेंद का पूरा फायदा उठाना है.’

उन्होंने कहा, ‘इस टीम के अंदर यह विश्वास स्पष्ट रूप से दिखाई देता है. भले ही कोई छोटी-मोटी चूक हो जाए, यह टीम जानती है कि वह इससे उबर सकती है, फिर से संगठित हो सकती है और जीत की ओर आगे बढ़ सकती है.’
गावस्कर ने गुवाहाटी में अभिषेक शर्मा के केवल 14 गेंदों में बनाए गए विस्फोटक अर्धशतक की भी प्रशंसा की. यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी भारतीय का दूसरा सबसे तेज हाफ-सेंचुरी है. उनकी तुलना युवराज सिंह से की जा रही है जिनके नाम पर सबसे कम गेंद में हाफ-सेंचुरी बनाने का रिकॉर्ड है. युवराज ने इंग्लैंड के खिलाफ 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में डरबन में 12 गेंद पर हाफ-सेंचुरी लगाई.
T20I में भारत के लिए सबसे कम गेंदों पर हाफ-सेंचुरी लगाने वाले बल्लेबाज
| रैंकिंग | बल्लेबाज | गेंद | मैच | मैदान | तारीख |
| 1 | युवराज सिंह | 12 | भारत बनाम इंग्लैंड | डरबन | 19 सितंबर, 2007 |
| 2 | अभिषेक शर्मा | 14 | भारत बनाम न्यूजीलैंड | गुवाहाटी | 25 जनवरी, 2026 |
| 3 | हार्दिक पंड्या | 16 | भारत बनाम साउथ अफ्रीका | अहमदाबाद | 19 दिसंबर, 2025 |
| 4 | अभिषेक शर्मा | 17 | भारत बनाम इंग्लैंड | मुंबई | 2 फरवरी, 2025 |
| 5 | केएल राहुल | 18 | भारत बनाम स्कॉटलैंड | दुबई | 5 नवंबर, 2021 |
| 6 | सूर्यकुमार यादव | 18 | भारत बनाम साउथ अफ्रीका | गुवाहाटी | 2 अक्टूबर, 2022 |
| 7 | गौतम गंभीर | 19 | भारत बनाम श्रीलंका | नागपुर | 9 दिसंबर, 2009 |
उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि इस तरह के रिकॉर्ड को तोड़ना बहुत मुश्किल है. सिर्फ दो ओवर में हाफ-सेंचुरी बनाना बेहद कठिन है. लेकिन अभिषेक शर्मा ने पिछले कुछ मैचों में यह साबित कर दिया है कि वह ऐसा करने में सक्षम हैं.’

गावस्कर ने कहा, ‘उन्होंने इस मैच में 14 गेंदों में हाफ-सेंचुरी बनाई. एक अन्य मैच में उन्होंने 17 गेंदों में हाफ-सेंचुरी बनाई थी. इसलिए वह लगातार रिकॉर्ड के करीब पहुंच रहे हैं. मुझे लगता है कि सबसे खुश युवराज सिंह होंगे. उन्हें खुशी होगी कि उनका रिकॉर्ड उस खिलाड़ी ने तोड़ा है जिसे वह खुद कोचिंग दे रहे हैं.’
विश्व कप से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव की फॉर्म पर टिप्पणी करते हुए गावस्कर ने कहा कि रायपुर में खेली गई उनकी 82 रन की पारी सही समय पर आई थी.
उन्होंने कहा, ‘रायपुर में खेली गई उनकी पारी ने उन्हें वह आत्मविश्वास दिया जिसकी उन्हें जरूरत थी. वह खराब फॉर्म में नहीं थे, बल्कि बड़ी पारी नहीं खेल पा रहे थे. वह पारी बिलकुल वैसी ही थी जैसी उन्हें चाहिए थी.’ भारत विश्व कप में अपना पहला मैच अमेरिका के खिलाफ सात फरवरी को मुंबई में खेलेगा.
T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/