- Home
- News
- sunrisers hyderabad might go for mayank agarwal in ipl 2023 mini auction says irfan pathan
यह होगा केन विलियमसन का रिप्लेसमेंट, इरफान पठान ने दी सनराइजर्स हैदराबाद को सलाह
सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2023 के ऑक्शन से पहले केन विलियमसन को रिलीज कर दिया है. टीम को अब एक कप्तान भी चाहिए और एक टॉप ऑर्डर बल्लेबाज भी. इरफान पठान ने एक खिलाड़ी का नाम लिया है जो दोनों रूप में फिट हो सकता है.
Published On Dec 20, 2022, 08:36 AM IST
Last UpdatedDec 20, 2022, 08:36 AM IST
kane williaomson
नई दिल्ली: आईपीएल 2023 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 23 दिसंबर को होगी. फ्रैंचाइजी इस दौरान अपनी टीम में कुछ बदलाव करना चाहेंगी. सनराइजर्स हैदराबाद को भी कुछ खरीदारी करनी है. इस दौरान इरफान पठान ने टीम को केन विलियमसन के विकल्प के तौर पर एक नाम सुझाया है. विलियमसन ने हाल ही में न्यूजीलैंड की टेस्ट कप्तानी छोड़ी है. सनराइजर्स हैदराबाद ने भी अपने इस पूर्व कप्तान को इस मिनी ऑक्शन से पहले रिलीज कर दिया था.
सनराइजर्स हैदराबाद ने साल 2022 में खराब प्रदर्शन के चलते ही अपने इस पूर्व कप्तान को बाहर किया. इस सीनियर बल्लेबाज को बीते साल नीलामी से पहले टीम ने 14 करोड़ रुपये में रीटेन किया था. सनराइजर्स हैदराबाद ने बीते साल तीन खिलाड़ियों को रीटेन किया था. इसमें अब्दुल समद, उमरान मलिक और केन विलियमसन शामिल थे. इस साल नीलामी में सनराइजर्स हैदराबाद को इस मिनी-ऑक्शन में एक टॉप ऑर्डर बल्लेबाज के साथ-साथ एक कप्तान की भी जरूरत होगी. और इरफान पठान का कहना है कि साल 2016 की इस चैंपियन टीम को मयंक अग्रवाल पर दांव खेलना चाहिए.
स्टार स्पोर्ट्स के कार्यक्रम गेम प्लान में पठान ने कहा, ‘सनराइजर्स हैदराबाद मयंक अग्रवाल के लिए दांव लगाएगी क्योंकि उन्हें एक आक्रामक सलामी बल्लेबाज की भी जरूरत है. अब उनके पास अनुभवी केन विलियमसन नहीं हैं जिन्होंने कई साल तक कप्तानी भी की है. इसके साथ ही वह पारी की शुरुआत भी किया करते थे. मयंक अग्रवाल भी इसी तरह के खिलाड़ी हैं. उन्होंने एक टीम की कप्तानी की है, वह काफी खुलकर खेलते हैं, निडर हैं और निस्वार्थ होकर बल्लेबाजी करते हैं. हैदराबाद उनके लिए बोली लगा सकती है.’
मयंक अग्रवाल को मिनी-ऑक्शन से पहले पंजाब किंग्स ने रिलीज कर दिया है. पंजाब किंग्स ने अनुभवी बल्लेबाज शिखर धवन को इस सीजन से पहले कप्तान बनाया है. साल 2023 में वही टीम की कप्तानी करेंगे. अग्रवाल आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, दिल्ली कैपिटल्स और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. वह आईपीएल 2023 के ऑक्शन के आखिरी सेट में नजर आएंगे.
हैदराबाद की टीम के पास इस ऑक्शन के लिए 42.25 करोड़ रुपये का बजट है. वह 13 खिलाड़ी खरीद सकते हैं इसमें से चार विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं.
लगातार दो सीजन में हैदराबाद का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है. साल 2021 में उसने 14 में से सिर्फ तीन मैच जीते थे. इसके बाद कप्तान डेविड वॉर्नर को रिलीज किया था.