- Home
- News
- Sunrisers Hyderabad sign south africa pacer Gerald Coetzee as a replacement for David Payne in IPL 2026
सनराइजर्स हैदराबाद ने किया डेविड पेन के रिप्लेसमेंट का ऐलान, साउथ अफ्रीका का धुरंधर हुआ टीम में शामिल
IPL में सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. टीम ने डेविड पेन की जगह साउथ अफ्रीका के पेसर गेराल्ड कोएत्जी को अपनी टीम में शामिल किया है. कोएत्जी पहले भी आईपीएल का हिस्सा रह चुके हैं.
Published On Apr 18, 2026, 12:24 PM IST
Last UpdatedApr 18, 2026, 12:24 PM IST
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने शनिवार की शाम को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ होने वाले मैच से पहले इंजरी की वजह से सीजन से बाहर हुए डेविड पेन के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है.
SRH ने डेविड पेन के रिप्लेसमेंट के रूप में दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजी ऑलराउंडर गेराल्ड कोएत्जी को टीम में शामिल किया है. कोएत्जी को SRH ने 2 करोड़ में अपने साथ जोड़ा है. आईपीएल 2026 की नीलामी में कोएत्जी को किसी ने नहीं खरीदा था.
पहले भी आईपीएल में खेल चुके हैं कोएत्जे
कोएत्जी इससे पहले भी आईपीएल में खेल चुके हैं. वह मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस की टीम का हिस्सा रहे हैं. दोनों टीमों के लिए खेलते हुए 14 मैचों में उनके नाम 15 विकेट हैं. सिर्फ गेंदबाजी ही नहीं कोएत्जे बल्लेबाजी में भी अपनी भूमिका अदा कर सकते हैं. वह निचले क्रम में बल्ले से उपयोगी योगदान दे सकते हैं. इसलिए उनके जुड़ने से SRH की गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी भी मजबूत हुई है.
आईपीएल की रिलीज में कहा गया, ‘कोएत्जे दाएं हाथ के पेसर हैं जिन्होंने 4 टेस्ट, 14 वनडे इंटरनेशनल और 18 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. साउथ अफ्रीका के लिए उन्होंने कुल 67 विकेट लिए हैं. ‘
पैट कमिंस भी जल्द जुड़ेंगे टीम के साथ
SRH के लिए अच्छी खबर यह भी है कि इंजरी से रिकवरी की प्रक्रिया से गुजर रहे टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस को भी पूरी तरह से फिट घोषित किया जा चुका है. वह जल्द टीम के साथ जुड़ेंगे. कमिंस 25 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मैच में SRH की तरफ से खेलते हुए दिख सकते हैं. और यह सनराइजर्स के लिए काफी अच्छी खबर है.
कमिंस एक विश्व विजेता कप्तान हैं. उनके जुड़ने से SRH का नेतृत्व पक्ष मजबूत होगा, साथ ही टीम की गेंदबाजी और बल्लेबाजी भी मजबूत होगी. कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान किशन सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी संभाल रहे हैं.
पेन की बात करें तो उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए आईपीएल 2026 में दो मैच खेले. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ उन्होंने 3 ओवरों में 25 रन देकर दो विकेट लिए. यह आईपीएल में उनका पहला मैच था. इस मैच में उन्होंने रजत पाटीदार और जितेश शर्मा के विकेट लिए. कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ उन्हें कोई विकेट नहीं मिला.
कैसा है सनराइजर्स हैदराबाद का हाल
इस सीजन में SRH के प्रदर्शन पर गौर करें तो टीम सीजन के शुरुआती 5 मैचों में 2 जीते हैं और 3 में उसे हार मिली है. टीम के कुल चार अंक हैं वह अभी पॉइंट्स टेबल में 5वें नंबर पर है. शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ होने वाला मुकाबला टीम के बहुत अहम है. इस मैच में जीत दर्ज कर टीम अंकतालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर सकती है. चेन्नई सुपर किंग्स की बात करें तो वह अभी 8वें स्थान पर है. उसके भी चार ही अंक हैं.
आरआर के खिलाफ पिछले मैच में SRH के लिए डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाजों प्रफुल्ल हिंगे और साकिब ने बेहतरीन गेंदबाजी की थी और टीम को जीत दिलाने में यादगार भूमिका निभाई थी. सीएसके के खिलाफ भी कप्तान इन दोनों गेंदबाजों से वैसे ही प्रदर्शन की उम्मीद करेंगे.