- क्रिकेट न्यूज़
- News
- sunrisers hyderabad vs rajasthan royals match preview playing xi
SRH vs RR: दाव पर सनराइजर्स का प्लेऑफ, रॉयल्स के खिलाफ आसान नहीं होगी चुनौती
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के लिए आज का मैच बहुत अहम है. वहीं राजस्थान रॉयल्स की टीम प्लेऑफ में पहुंचने के करीब पहुंच चुकी है. यह जीत इस पर मुहर लगा देगी.
Published On May 02, 2024, 02:16 PM IST
Last UpdatedMay 02, 2024, 02:16 PM IST
SRH-vs-RR
हैदराबाद: लक्ष्य का पीछा करते हुए भटकने वाली सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) टॉप पर काबिज राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के खिलाफ गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) के मैच में अपने अभियान को ढर्रे पर लाना चाहेगी. रॉयल्स का प्लेऑफ में स्थान लगभग पक्का है लेकिन सनराइजर्स (Sunrisers Hyderabad) के लिए इस मैच में बहुत कुछ दाव पर है.
कुछ दिन पहले तक शानदार फॉर्म में चल रही सनराइजर्स को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru) और चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए मिली हार का खामियाजा भुगतना पड़ा है. इन पराजयों के बाद टीम टॉप चार से बाहर हो गई.
चार जीत और चार हार के बाद अब दस अंक लेकर 2016 चैंपियन टीम पांचवें स्थान पर है. पैट कमिंस (Pat Cummins) की कप्तानी वाली टीम के टॉप और मिडल ऑर्डर के बल्लेबाज लक्ष्य का पीछा करते हुए नाकाम रहे हैं जिससे कोच डेनियल विटोरी को स्वीकार करना पड़ा कि लक्ष्य का पीछा करते हुए अति आक्रामक खेलने की रणनीति गलत रही.
सनराइजर्स ने इस सत्र में पहले बल्लेबाजी करते हुए दो बार 250 से अधिक स्कोर बनाया. वहीं लक्ष्य का पीछा करते हुए 200 से अधिक का स्कोर एक बार भी हासिल नहीं कर सकी. मुख्य कोच विटोरी ने आरसीबी से मिली हार के बाद कहा था,‘हम लक्ष्य देने में कामयाब रहे हैं और अब लक्ष्य का पीछा करना भी सीखना होगा.’’
सनराइजर्स बल्लेबाजी में ट्रेविस हेड (Travis Head) और अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) पर काफी निर्भर है. दोनों के फ्लॉप होने पर सनराइजर्स की पारी भी चरमरा जाती है. एडेन माक्ररम (Aiden Markram) को अब अपने चिर परिचित फॉर्म में लौटना होगा जिनका बल्ला अभी तक खामोश रहा है.
दूसरी ओर रॉयल्स का अब तक का सफर बेदाग रहा है. साल 2008 की विजेता टीम ने हर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ उम्दा प्रदर्शन किया है और 16 अंक लेकर शीर्ष पर है.
उसके पास जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल और कप्तान संजू सैमसन जैसे फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज हैं. शिमरोन हेटमायेर और रोवमैन पॉवेल के अलावा रियान पराग और ध्रुव जुरेल ने भी रन बनाये हैं. गेंदबाजी में उनके पास युजवेंद्र चहल, ट्रेंट बोल्ट का अनुभव और आवेश खान तथा संदीप शर्मा का जोश है.