add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

'मैं माफी मांगता हूं...', अक्षर पटेल को क्यों सॉरी बोल रहे हैं सूर्या, बताई पूरी कहानी

भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि आखिर अक्षर पटेल उनसे क्यों गुस्सा हो गए थे. और साथ ही उन्होंने अक्षर से माफी भी मांगी.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - March 12, 2026 5:15 PM IST

Axar Patel Was Angry With Suryakumar Yadav: अक्षर पटेल भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव से बहुत गुस्सा थे. वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम के उपकप्तान थे लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर 8 के मुकाबले के लिए उन्हें टीम से ड्रॉप कर दिया था. और इस बात को लेकर अक्षर नाखुश थे.

वाइट बॉल क्रिकेट में अक्षर भारतीय टीम का अहम हिस्सा हैं. लेकिन भारत के वर्ल्ड कप विजय अभियान में वह नौ में से दो मैचों का हिस्सा नहीं थे. भारत ने रविवार, 8 मार्च को फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर रिकॉर्ड तीसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा किया. अक्षर जिन दो मैचों में नहीं खेले, वे दोनों अहमदाबाद में खेले गए. इसमें साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला गया मुकाबला भी था. इस मैच में भारत को 76 रन से हार का सामना करना पड़ा था.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

बहुत गुस्से में थे अक्षर पटेल

अक्षर को टीम से बाहर करने के फैसले पर कई जानकारों ने हैरानी जताई थी. फैंस ने सोशल मीडिया पर भी कप्तान के फैसले को गलत बताया था. टीम ने इसे एक रणनीतिक फैसला बताया था लेकिन सूर्यकुमार यादव ने माना कि यह फैसला अक्षर पटेल को पसंद नहीं आया था.

अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस ने सूर्यकुमार यादव के हवाले से बताया, ‘वह बहुत गुस्सा थे. और उसे होना भी चाहिए था. वह अनुभवी खिलाड़ी हैं. वह एक फ्रैंचाइजी टीम के कप्तान हैं. उन्हें गुस्सा होना चाहिए. मैं माफी मांगता हूं. मैं उसे कहा था कि मैंने गलती की और मैं माफी मांगता हूं. लेकिन यह फैसला टीम के लिए लिया गया था.’

आसान नहीं था अक्षर से बात करना

भारतीय कप्तान ने यह भी माना कि अक्षर से इस बारे में बात करना आसान नहीं था. उन्होंने कहा, ‘यह एक मुश्किल बातचीत थी. उन्होंने इस बहुत गंभीरता से लिया और अगले दिन भी इस बारे में बात की.’

भारतीय टीम के लिए साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली हार किसी झटके से कम नहीं थी. लेकिन सूर्यकुमार यादव ने माना कि साउथ अफ्रीका से मिली हार भारत के विजय अभियान में एक अहम टर्निंग पॉइंट था.

उन्होंने कहा, ‘भारत बनाम साउथ अफ्रीका का मैच आंखें खोलने वाला था. इस टीम पर मुझे कभी कोई अविश्वास नहीं रहा. लेकिन इसने हमें थोड़ा सचेत किया. इसके बाद वापसी के अलावा कोई रास्ता नहीं था.’

उन्होंने कहा कि इस मैच के बाद टीम हर मैच को नॉकआउट के अंदाज में ही खेल रही थी. सूर्यकुमार ने कहा, ‘हमारे लिए जिम्बाब्वे का मैच प्री-क्वॉर्टर फाइनल ता, वेस्टइंडीज का मैच क्वॉर्टर-फाइनल और फिर सेमीफाइनल और फाइनल. हमें हर मैच नॉक आउट की तरह खेलना था.’ साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद भारत ने हर मैच में लगातार जीत हासिल की. और फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/